Rahul Gandhi Indore--मध्य प्रदेश के इंदौर में छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस का बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है। ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत 12 सितंबर को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इंदौर पहुंचेंगे और Gen-Z छात्रों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम नेहरू स्टेडियम में प्रस्तावित है। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं और मालवा-निमाड़ समेत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में छात्रों के पहुंचने की संभावना है।
नेहरू स्टेडियम में प्रस्तावित कार्यक्रम
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से होगी। इसके बाद छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और आंकड़ों को सामने रखा जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राहुल गांधी छात्रों को संबोधित करेंगे। आयोजन के जरिए युवाओं से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी है।
स्टेडियम आरक्षित कराने की तैयारी
कार्यक्रम को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखा है। इसमें 8 से 12 सितंबर तक नेहरू स्टेडियम आरक्षित करने की मांग की गई है। राहुल गांधी की टीम के केबी बैजू ने इंदौर पहुंचकर स्थानीय कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक भी की और आयोजन की तैयारियों पर चर्चा की।
जबलपुर की जगह इंदौर का चयन
‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत देशभर में छात्रों से जुड़े मुद्दों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पहले मध्य प्रदेश में यह आयोजन जबलपुर में प्रस्तावित था, लेकिन बाद में स्थान बदलकर इंदौर कर दिया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इंदौर प्रदेश का प्रमुख शहर और बड़ा एजुकेशन हब है।
छात्रों के मुद्दों पर रहेगा फोकस
कार्यक्रम में Gen-Z छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। हाल के दिनों में इंदौर के भंवरकुआं क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में छात्रों के प्रदर्शन की चर्चा रही है। ऐसे में इस आयोजन को छात्रों के बीच संवाद बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
केन-बेतवा परियोजना पर भी हुई थी मुलाकात
राहुल गांधी ने 13 अगस्त को दिल्ली में मध्य प्रदेश में केन-बेतवा लिंक परियोजना का विरोध कर रहे एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी। इस दौरान परियोजना से जुड़ी समस्याओं और प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर चर्चा हुई थी। राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर प्रभावित लोगों के अधिकार और पुनर्वास से जुड़े सवाल भी उठाए थे।