Rahul Gandhi Chhatron Ki Goonj --कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का 12 सितंबर को प्रस्तावित इंदौर दौरा फिलहाल टल गया है। ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम उपलब्ध नहीं होने के बाद आयोजन की तारीख आगे बढ़ा दी गई है। अब यह कार्यक्रम 19 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस पहले से तैयारियों में जुटी थी और इसमें छात्रों, युवाओं, शिक्षा, बेरोजगारी और NEET जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी थी।
नेहरू स्टेडियम नहीं मिलने से बदला कार्यक्रम
इंदौर में कांग्रेस ने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए नगर निगम से नेहरू स्टेडियम मांगा था, लेकिन नियम-कायदे का हवाला देते हुए स्टेडियम उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके बाद रीजनल पार्क के सामने खाली जमीन पर कार्यक्रम कराने की तैयारी शुरू हुई। मैदान को समतल करने समेत अन्य व्यवस्थाओं पर काम भी शुरू हो चुका था।
19 सितंबर को होगी छात्रों की गूंज
अब 12 सितंबर को राहुल गांधी इंदौर नहीं आएंगे। कार्यक्रम को 19 सितंबर तक आगे बढ़ा दिया गया है। कांग्रेस ने नए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इंदौर के साथ पूरे प्रदेश के पार्टी नेता और पदाधिकारी आयोजन की रणनीति में जुटे हैं।
युवाओं के मुद्दों पर रहेगा फोकस
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाने की तैयारी में है। NEET पेपर लीक, शिक्षा, बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य जैसे विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है। राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस छात्रों तक अपना राजनीतिक संदेश पहुंचाने की कोशिश करेगी।
अनुमति को लेकर सियासत तेज
कार्यक्रम स्थल को लेकर कांग्रेस और नगर निगम के बीच सियासी बयानबाजी भी सामने आई है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने आरोप लगाया कि भाजपा की परिषद और प्रदेश सरकार के दबाव के कारण स्टेडियम उपलब्ध नहीं कराया गया। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने की मांग की थी। अब आयोजन की नई तारीख 19 सितंबर तय की गई है।