Rahul Gandhi Program :इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 31 शर्तें तय की हैं। कार्यक्रम खुले मैदान में होने के कारण सुरक्षा इंतजामों में आम भीड़ प्रबंधन के साथ सांप-बिच्छुओं से बचाव को भी शामिल किया गया है। पुलिस ने आयोजकों को 2 प्रशिक्षित सर्प-पकड़ दल और एंटी-वेनम उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक होने पर कार्यक्रम की अनुमति ऐन वक्त पर निरस्त किए जाने की बात भी कही गई है।
खुले मैदान में सांप-बिच्छुओं का खतरा
कार्यक्रम स्थल खुले क्षेत्र में है। ऐसे में पुलिस ने जहरीले सांपों समेत अन्य जीव-जंतुओं के संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षित सर्प-पकड़ दल की व्यवस्था अनिवार्य की है। इसके साथ एंटी-वेनम भी उपलब्ध रखना होगा।
भीड़ को लेकर देना होगा शपथ-पत्र
पुलिस के निर्देश के मुताबिक आयोजकों को कार्यक्रम में अपेक्षित भीड़ की वास्तविक संख्या का शपथ-पत्र देना होगा। स्थल की क्षमता से अधिक लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बाहर से आने वाले लोगों, बसों और निजी वाहनों की संख्या, रूट और पार्किंग की जानकारी भी पहले देनी होगी।
मेडिकल से लेकर इमरजेंसी तक इंतजाम
कार्यक्रम में 2 डॉक्टर, 4 पैरामेडिक और 4 एंबुलेंस की व्यवस्था करनी होगी। किसी अस्पताल से टाई-अप भी जरूरी होगा। इसके अलावा पेयजल, मोबाइल शौचालय, पर्याप्त रोशनी, बैकअप और आपातकालीन व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। हर 500 लोगों पर एक जल-बिंदु और हर 250 लोगों पर एक मोबाइल शौचालय की व्यवस्था रखने को कहा गया है।
ड्रोन पर पूरी तरह रोक
पुलिस ने कार्यक्रम स्थल और आसपास ड्रोन के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया है। आपत्तिजनक सामग्री या भड़काऊ पोस्टर-बैनर लगाने की भी अनुमति नहीं होगी। कार्यक्रम स्थल का स्केल-मैप, सेक्टरवार भीड़ व्यवस्था, गैंगवे और आपातकालीन कॉरिडोर की जानकारी भी आयोजकों को देनी होगी।
सुरक्षा निर्देशों का पालन जरूरी
पुलिस ने आयोजकों को सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। पत्र में सुरक्षा प्रोटोकॉल के संदर्भ में वर्मा आयोग की सिफारिशों का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस के मुताबिक निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था में चूक होने पर कार्यक्रम की अनुमति रद्द की जा सकती है।