
लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कोलंबियाई सीनेट के अध्यक्ष लिडियोस गार्सिया से मुलाकात की। वे गणराज्य पेरू के कांग्रेसजनों एवं विदेश मामलों के आयोग की अध्यक्ष हेइडी लिस्बेथ जुआरेज कैले, सदस्यों मार्लेनी पोर्टेरो एवं डिग्ना कैले से मिले। इसकी जानकारी इंडियन ओवरसीज कांग्रेस की ओर से सामने आई है। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी की फोटो को शेयर किया। उन्होंने एक्स पर जानकारी दी कि राहुल गांधी को पेरू गणराज्य के कांग्रेसजनों और विदेश मामलों के आयोग की अध्यक्ष हेइडी लिस्बेथ जुआरेज कैले और सदस्यों मार्लेनी पोर्टेरो एवं डिग्ना कैले के संग बातचीत करने का अवसर प्रदान करना सम्मान की बात थी।
कोलंबियाई सीनेट के अध्यक्ष लिडियोस गार्सिया से मुलाकात
ओवरसीज कांग्रेस ने दूसरे एक्स पोस्ट में बताया कि राहुल गांधी ने दोनों देशों के बीच राजनयिक और संसदीय संबंधों को मजबूत करने को लेकर कोलंबियाई सीनेट के अध्यक्ष लिडियोस गार्सिया से मिले। बैठक के वक्त पेरू के साथ संसदीय मैत्री समूह के गठन का ऐलान किया। ये एक ऐसा तंत्र है जो दोनों देशों के बीच राजनीतिक, राजनयिक और वाणिज्यिक संबंधों को ताकत देगा।
वहीं, कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कोलंबिया के मेडेलिन का दौरा किया और कोमुना ट्रेसे की यात्रा की। ये, कभी हिंसा का केंद्र था। अब कला और संस्कृति की आशा का प्रतीक बन चुका है। ये प्रेरणादायक है ।
बाइक के साथ नजर आए राहुल गांधी
राहुल गांधी इन दिनों कोलंबिया के दौरे पर हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक फोटो शेयर किया। इस फोटोे में राहुल गांधी एक बाइक के संग नजर आए। ये बजाज कंपनी की है। उन्होंने इस फोटो को एक्स प्लेटफॉर्म पर शेयर किया और लिखा, बजाज, हीरो और टीवीएस को कोलंबिया में बेहतर प्रदर्शन करते देख काफी गर्व महसूस हो रहा है।