RAHUL GANDHI INDORE: राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर इंदौर में कांग्रेस ने युवाओं तक पहुंच बनाने की तैयारी तेज कर दी है। 19 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम में राहुल गांधी छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। खास बात यह है कि कार्यक्रम में युवाओं के पसंदीदा कलाकार भी परफॉर्म करेंगे। सिंगर राघव चैतन्य, इंदौर के रैपर लश-करी और वी अनबीटेबल ड्रीम टीम की प्रस्तुतियां कार्यक्रम का आकर्षण रहेंगी।
19 सितंबर को होगा कार्यक्रम
इंदौर विकास प्राधिकरण ने रीजनल पार्क के पास स्थित आईडीए मैदान में कार्यक्रम की अनुमति दे दी है। कांग्रेस ने इसके लिए 10 लाख 8 हजार 175 रुपए जमा किए हैं। कार्यक्रम 17 से 19 सितंबर तक चलेगा, जबकि राहुल गांधी 19 सितंबर को छात्रों से बातचीत करेंगे।
युवाओं के बीच परफॉर्मेंस
राहुल गांधी के संवाद से पहले राघव चैतन्य, लश-करी और वी अनबीटेबल ड्रीम टीम प्रस्तुति देंगे। सबसे पहले राघव चैतन्य, इसके बाद लश-करी परफॉर्म करेंगे। फिर डांस ग्रुप एक्रोबेटिक और हिप-हॉप डांस की प्रस्तुति देगा।
Gen-Z तक पहुंचने की रणनीति
कांग्रेस ने इन कलाकारों को कार्यक्रम से जोड़कर युवाओं और Gen-Z तक पहुंच बनाने की रणनीति तैयार की है। राघव चैतन्य के इंस्टाग्राम पर करीब 1.80 लाख, जबकि लश-करी के करीब 4.98 लाख फॉलोअर्स बताए गए हैं। कांग्रेस का फोकस कार्यक्रम के जरिए ज्यादा से ज्यादा छात्रों को जोड़ने पर है।
32 जोन में तैयारी
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर 11 सितंबर को राहुल गांधी की टीम के केवी बैजू समेत अन्य सदस्य इंदौर पहुंचे थे। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और स्थानीय नेताओं के साथ बैठक हुई। वहीं NSUI ने इंदौर को 32 जोन में बांटकर स्कूल, कॉलेज, कोचिंग और लाइब्रेरी तक पहुंच बनाने की तैयारी की है।
शिक्षा और रोजगार पर होगी चर्चा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के बीच की कड़ी कमजोर हो रही है। उन्होंने NEET पेपर लीक, अफोर्डेबल एजुकेशन और शिक्षा नीति जैसे मुद्दों पर चर्चा की जरूरत बताई। पटवारी के मुताबिक राहुल गांधी छात्रों के बीच इन सवालों को उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए 10 लाख की जगह 10 करोड़ रुपए भी मांगे जाते तो कांग्रेस देने को तैयार थी।