Rahul Gandhis big claim: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में आयोजित अल्पसंख्यक सलाहकार समिति की बैठक में राहुल गांधी ने दावा किया कि एक साल के भीतर पीएम मोदी की विदाई तय है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय आर्थिक हालात और बढ़ता असंतोष आने वाले समय में बड़ा राजनीतिक असर डाल सकता है।
मेरी भविष्यवाणियां गलत नहीं हुईं
बैठक के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने अब तक जो भी राजनीतिक भविष्यवाणियां की हैं, वे सही साबित हुई हैं और इस बार भी उनका आकलन सही निकलेगा। उन्होंने कहा कि देश में आर्थिक और सामाजिक मुद्दों को लेकर लोगों के बीच असंतोष बढ़ रहा है, जिसका असर आने वाले समय में राजनीति पर दिखाई देगा।
अल्पसंख्यक शब्द पर हुई चर्चा
बैठक में कुछ नेताओं ने सुझाव दिया कि मुस्लिम शब्द की जगह “अल्पसंख्यक” शब्द का इस्तेमाल किया जाए। इस पर राहुल गांधी ने असहमति जताते हुए कहा कि किसी भी वर्ग के साथ अन्याय हो तो उसके समर्थन में खुलकर खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि चाहे हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, दलित, सवर्ण या बौद्ध-जैन समुदाय हो, कांग्रेस अन्याय के खिलाफ हर वर्ग के साथ खड़ी रहेगी।
यह भी देखेंःRubios Big Statement: भारत-अमेरिका रिश्तों पर रूबियो का बड़ा बयान, बोले- मोदी और ट्रंप दूर की सोच रखते हैं
बीजेपी की राजनीति पर भी हुई चर्चा
बैठक में शामिल कुछ नेताओं ने कहा कि बीजेपी की हिंदू-मुस्लिम राजनीति का मुकाबला आर्थिक मुद्दों पर आधारित राजनीति से किया जाना चाहिए। नेताओं ने सुझाव दिया कि कांग्रेस को रोजगार, महंगाई और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर ज्यादा जोर देना चाहिए। राहुल गांधी ने इस सोच से सहमति जताई और कहा कि पार्टी को लोगों के वास्तविक मुद्दों को मजबूती से उठाना होगा।
बैठक में कई नेता रहे मौजूद
करीब दो घंटे चली इस बैठक में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध और जैन समुदाय के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इमरान प्रतापगढ़ी ने सोशल मीडिया पर कहा कि राहुल गांधी ने सभी समुदायों के नेताओं की बात गंभीरता से सुनी और भाजपा की राजनीति के मुकाबले प्रेम और बराबरी की राजनीति पर जोर दिया।