नए साल की शुरुआत से पहले रेलवे ने ट्रेन यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रोज़मर्रा में ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए टिकट का खर्च एक अहम मुद्दा रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने डिजिटल टिकट बुकिंग को बढ़ावा देने के लिए नया कदम उठाया है। 14 जनवरी से यात्रियों को टिकट बुकिंग पर सीधा डिस्काउंट मिलेगा। यह सुविधा खासतौर पर अनारक्षित टिकट लेने वालों के लिए है। रेलवे का फोकस अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की संख्या बढ़ाने और कैशलेस ट्रांजैक्शन को आसान बनाने पर है।
RailOne ऐप पर 3 प्रतिशत सीधी छूट
रेलवे ने साफ किया है कि यह डिस्काउंट RailOne ऐप के जरिए टिकट बुक करने पर ही मिलेगा। 14 जनवरी से 14 जुलाई 2026 तक इस स्कीम को लागू किया जाएगा। इस दौरान RailOne ऐप से अनारक्षित टिकट बुक करने पर टिकट की कीमत पर सीधे 3 प्रतिशत की छूट मिलेगी। खास बात यह है कि यह कैशबैक नहीं बल्कि सीधा डिस्काउंट होगा। पहले केवल R-वॉलेट से पेमेंट करने पर कैशबैक मिलता था, लेकिन अब यूपीआई, डेबिट कार्ड और अन्य डिजिटल पेमेंट मोड से भुगतान करने पर भी यह छूट मिलेगी। रेलवे का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को डिजिटल बुकिंग की आदत डालना है।
ये भी पढ़ेंं : Russia का बड़ा ऑफर, S-350 से मजबूत होगी भारत की एयर शील्ड, China-Pakistan की चिंता बढ़ी
कहां मिलेगा फायदा, किन पर नहीं लागू
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह सुविधा केवल RailOne ऐप तक सीमित रहेगी। IRCTC वेबसाइट या अन्य किसी प्लेटफॉर्म पर यह डिस्काउंट लागू नहीं होगा। यह छूट सिर्फ अनारक्षित टिकटों पर दी जाएगी, आरक्षित टिकटों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। रोज़ाना सफर करने वाले लोकल और शॉर्ट डिस्टेंस यात्रियों को इस फैसले से ज्यादा फायदा मिलने की उम्मीद है। रेलवे का मानना है कि डिजिटल बुकिंग बढ़ने से काउंटर पर भीड़ कम होगी और यात्रियों को लाइन में लगने से राहत मिलेगी।
RailOne ऐप से टिकट बुक करने का आसान तरीका
RailOne ऐप से अनारक्षित टिकट बुक करना काफी सरल है। सबसे पहले मोबाइल में RailOne ऐप डाउनलोड करें और IRCTC या UTS आईडी से लॉगिन करें। लॉगिन के बाद होम स्क्रीन पर अनारक्षित टिकट या UTS का विकल्प चुनें। इसके बाद यात्रा का प्रारंभ स्टेशन और गंतव्य स्टेशन दर्ज करें। फिर टिकट का प्रकार और यात्रियों की संख्या चुनें। सभी जानकारी जांचने के बाद बुक टिकट पर टैप करें। भुगतान के लिए यूपीआई, डेबिट कार्ड या अन्य डिजिटल विकल्प का चयन करें। भुगतान पूरा होते ही QR कोड वाला डिजिटल टिकट जनरेट हो जाएगा, जिसे दिखाकर यात्रा की जा सकती है।