1 मार्च से ट्रेन टिकट बुकिंग में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अगर आप अब तक मोबाइल से जनरल या प्लेटफॉर्म टिकट लेने के लिए अलग ऐप का इस्तेमाल करते थे, तो अब वह तरीका बंद हो जाएगा। रेलवे ने फैसला किया है कि टिकट से जुड़ी सारी सेवाएं एक ही नए ऐप पर दी जाएंगी। इसका मकसद यात्रियों को आसान और तेज सुविधा देना है।
अब RailOne बनेगा नया सहारा
रेलवे का नया ऐप RailOne अब टिकट बुकिंग का मुख्य जरिया होगा। पुराना UTS ऐप बंद किया जाएगा और उसकी जगह RailOne को प्राथमिकता दी जाएगी। इस ऐप को इस तरह बनाया गया है कि यात्री जनरल टिकट, रिजर्वेशन टिकट, ट्रेन का स्टेटस और दूसरी सुविधाएं एक ही जगह पा सकें। अलग-अलग ऐप्स की जरूरत कम हो जाएगी और पूरा काम एक ही प्लेटफॉर्म से हो सकेगा।
डिजिटल पेमेंट पर मिलेगा फायदा
RailOne के जरिए जनरल टिकट लेने पर डिजिटल पेमेंट करने वालों को 3 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। यह सुविधा 14 जुलाई 2026 तक लागू रहेगी। रोज सफर करने वालों के लिए यह राहत की खबर है। पेमेंट के लिए यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग और आर वॉलेट जैसे विकल्प मिलेंगे। जिनके पास पहले से आर वॉलेट बैलेंस है, वे उसे भी इस्तेमाल कर सकेंगे।
ये भी पढ़ें : कश्मीर को मिली नई रफ्तार, 1 मार्च से Srinagar-Jammu के बीच 20 कोच वाली Vande Bharat ट्रेन शुरू
ऐप इस्तेमाल करने का तरीका
RailOne चलाना आसान है। आप नया अकाउंट बना सकते हैं या अपना पुराना IRCTC अकाउंट लिंक कर सकते हैं। लॉगिन करने के बाद होम स्क्रीन पर सर्च ट्रेन का विकल्प मिलेगा। यहां से आप अपने सफर की शुरुआत और गंतव्य स्टेशन भरें। ट्रेन की लिस्ट आने के बाद क्लास चुनें, यात्री की जानकारी भरें और पेमेंट कर दें। पेमेंट होते ही टिकट ऐप में दिखाई देगा।
जनरल टिकट ऐसे बुक करें
अगर आपको जनरल टिकट लेना है तो Journey Planner में जाकर Unreserved विकल्प चुनें। फिर From और To स्टेशन भरें। चाहें तो जीपीएस ऑन करके अपनी लोकेशन भी चुन सकते हैं। ट्रेन का प्रकार और यात्रियों की संख्या डालने के बाद पेमेंट करें। पेमेंट पूरा होते ही टिकट तैयार हो जाएगा और My Tickets सेक्शन में दिखेगा।
सफर होगा और आसान
रेलवे का मानना है कि नया ऐप टिकट बुकिंग को और सरल बनाएगा। अलग-अलग प्लेटफॉर्म की परेशानी खत्म होगी और यात्रियों का समय बचेगा। डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के साथ यह कदम आधुनिक और तेज रेल सेवा की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। 1 मार्च से यह नई व्यवस्था लागू हो जाएगी।