देशभर में पड़ रही कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का असर अब रेल सेवाओं पर साफ दिखने लगा है। ठंड के साथ ट्रैक मेंटेनेंस और तकनीकी सुधार के चलते भारतीय रेलवे ने कई रूट्स पर ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है। आद्रा रेल मंडल में 5 से 11 जनवरी के बीच रोलिंग ब्लॉक लिया गया है, जिससे कई ट्रेनों की समय-सारिणी प्रभावित होगी।
आद्रा मंडल में चल रहा ट्रैक मेंटेनेंस
रेल प्रशासन के अनुसार, रोलिंग ब्लॉक के दौरान रेल लाइन की मरम्मत और तकनीकी सुधार किए जा रहे हैं। इसी वजह से यात्रियों को पहले से अलर्ट जारी किया गया है। रेलवे ने साफ किया है कि यह कदम यात्रियों की सुरक्षा और भविष्य में बेहतर संचालन के लिए जरूरी है, लेकिन फिलहाल यात्रियों को थोड़ी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
कई ट्रेनें रद्द, यात्रियों पर सीधा असर
रेलवे ने 11 जनवरी तक अलग-अलग तारीखों में कुल आठ ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। इनमें आद्रा–बाराभूम–आद्रा मेमू, आद्रा–भागा–आद्रा मेमू और आद्रा–आसनसोल–आद्रा मेमू जैसी लोकल सेवाएं शामिल हैं। इन ट्रेनों के रद्द होने से रोजमर्रा के यात्रियों को सबसे ज्यादा दिक्कत होने की आशंका है।
शॉर्ट टर्मिनेशन से बदले रूट
इसके अलावा 12 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेशन और शॉर्ट ओरिजिनेशन के साथ चलाया जाएगा। झाड़ग्राम–धनबाद एक्सप्रेस 5 से 9 और 11 जनवरी को सिर्फ बोकारो स्टील सिटी तक जाएगी। वहीं बर्धमान–हटिया मेमू एक्सप्रेस 11 जनवरी तक गोमो स्टेशन तक ही चलेगी। कई मेमू ट्रेनें आद्रा या चंद्रकोणा रोड तक सीमित रहेंगी।
इसे भी पढ़ें : PF खाताधारकों के लिए बड़ी तैयारी, सैलरी लिमिट बढ़ी तो आपकी सेविंग और सैलरी दोनों बदल जाएंगी ?
कुछ एक्सप्रेस और मेमू ट्रेनें लेट
मेंटेनेंस वर्क की वजह से कुछ ट्रेनों को रिशेड्यूल भी किया गया है। आनंद विहार–पुरी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस को 8 से 11 जनवरी के बीच चंद्रपुरा–राजाबेरा खंड में करीब 30 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। कटिहार–टाटानगर और थावे–टाटानगर एक्सप्रेस को भी बर्नपुर में रोका जाएगा।
सफर से पहले स्टेटस देखना जरूरी
इन बदलावों का असर झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के हजारों यात्रियों पर पड़ेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि 11 जनवरी तक यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का लेटेस्ट स्टेटस जरूर जांच लें। इससे अनावश्यक इंतजार और परेशानी से बचा जा सकता है।