भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों के संचालन को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा फैसला लिया है। साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे (SECR) के रायपुर मंडल में 13 रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (Electronic Interlocking) सिस्टम लगाने की मंजूरी दे दी गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 226 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। रेलवे का मानना है कि नई तकनीक लागू होने के बाद ट्रेनों का संचालन पहले से ज्यादा सुरक्षित, तेज और भरोसेमंद होगा। साथ ही सिग्नलिंग व्यवस्था भी पूरी तरह आधुनिक हो जाएगी, जिससे तकनीकी खराबियों और परिचालन संबंधी समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है।
इन 13 स्टेशनों पर लगेगा नया सिस्टम
यह नई व्यवस्था रायपुर मंडल के दुर्ग-तारोकी रेलखंड के 13 स्टेशनों पर लागू की जाएगी। इनमें मारौडा, रिसमा, गुंडार्देही, लाटाबोर, बलोद, कुसुमकासा, दल्ली राजहरा, गुडम, भानुप्रतापुर, केवटी, अंतागढ़, तारोकी और रायपुर स्टोर डिपो शामिल हैं। इन सभी स्टेशनों पर अभी तक पुरानी पैनल इंटरलॉकिंग प्रणाली के जरिए सिग्नल और रूट कंट्रोल किया जा रहा है। अब इस पुरानी तकनीक की जगह अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे पूरे रेलखंड की सिग्नलिंग व्यवस्था पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा स्मार्ट और सुरक्षित हो जाएगी।
क्या है इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम?
इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग रेलवे की आधुनिक सिग्नलिंग तकनीक है, जिसका मुख्य उद्देश्य ट्रेनों के लिए सुरक्षित रूट तय करना और सिग्नलों का स्वचालित नियंत्रण करना है। इस सिस्टम में कई प्रक्रियाएं कंप्यूटर आधारित होती हैं, जिससे मानवीय गलती की संभावना काफी कम हो जाती है। अगर किसी ट्रैक पर दूसरी ट्रेन मौजूद है या कोई तकनीकी जोखिम है तो सिस्टम खुद ही गलत रूट बनने से रोक देता है। इसके अलावा यदि किसी कारण सिग्नलिंग सिस्टम में खराबी आती है तो इलेक्ट्रॉनिक तकनीक की मदद से उसे पहले की तुलना में अधिक तेजी से ठीक किया जा सकता है। इससे ट्रेनों के संचालन पर कम असर पड़ता है और परिचालन सुचारु बना रहता है।
ये भी पढ़ें : सोना हुआ करीब 2 हजार रुपये सस्ता, खरीदने का सही मौका या अभी और गिरेगा भाव?
यात्रियों और रेलवे दोनों को होगा फायदा
नई इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली लागू होने के बाद यात्रियों को कई बड़े फायदे मिलेंगे। सबसे बड़ा लाभ ट्रेनों की सुरक्षा में बढ़ोतरी के रूप में मिलेगा। सिग्नल फेल होने जैसी घटनाएं कम होंगी और ट्रेनों के लेट होने की संभावना भी घटेगी। समय पर ट्रेन संचालन में सुधार होगा, जिससे यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा। वहीं रेलवे के लिए भी यह तकनीक फायदेमंद होगी, क्योंकि रखरखाव आसान होगा और तकनीकी खराबियों का समाधान कम समय में किया जा सकेगा। इससे परिचालन क्षमता बढ़ेगी और पूरे रेल नेटवर्क की विश्वसनीयता मजबूत होगी।
आधुनिक रेलवे की दिशा में बड़ा कदम
भारतीय रेलवे लगातार अपनी सिग्नलिंग और सुरक्षा प्रणाली को आधुनिक बनाने पर काम कर रहा है। इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग जैसी तकनीक इसी दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। रेलवे का उद्देश्य भविष्य में अधिक से अधिक स्टेशनों पर ऐसी आधुनिक व्यवस्था लागू करना है, ताकि ट्रेनों का संचालन सुरक्षित, तेज और तकनीकी रूप से अधिक सक्षम बन सके। रायपुर मंडल के 13 स्टेशनों पर शुरू होने वाली यह परियोजना पूरी होने के बाद न केवल स्थानीय यात्रियों को फायदा मिलेगा, बल्कि इस रेलखंड पर मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों के संचालन में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल सकता है