
Station Master Vacancy 2025: रेलवे में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने NTPC भर्ती 2025 के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के अंतर्गत कुल 8,850 रिक्त पदों को भरा जाएगा, जिनमें से 615 पद स्टेशन मास्टर के लिए निर्धारित किए गए हैं। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 21 अक्टूबर से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट rrbcdg.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तारीख 20 नवंबर 2025 तय की गई है।
ऐसे कर सकेंगे आवेदन
STEP 1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट rrbcdg.gov.in पर जाएं।
STEP 2. इसके बाद "RRB NTPC Recruitment 2025 Apply Online" लिंक पर क्लिक करें।
STEP 3. अब रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करें।
STEP 4. फिर लॉगिन कर आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी दर्ज कर डाक्यूमेंट्स अपलोड करें।
STEP 5. अंत में आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें।
आयु सीमा और आवेदन शुल्क
आपको बता दें कि इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 36 वर्ष होनी चाहिए। हालांकि, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी। आवेदन शुल्क की बात करें तो इन पदों पर आवेदन करने के लिए सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा। तो वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग, महिला और पूर्व सैनिक वर्ग के उम्मीदवारों को 250 रुपये का शुल्क देना होगा।