मेरठ । प्यार में मिली बेवफाई से अवसाद में चल रहे रेलवे मेंटेनेंस विभाग के सुपरवाइजर ने आत्महत्या कर ली। उनके इस आत्मघाती कदम के बाद से माता-पिता और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। सुपरवाइजर मेरठ के न्यू सकौती रेलवे स्टेशन पर तैनात थे। पुलिस को सुपरवाइजर की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मिली है, जिसमें उसकी प्रेमिका से आखिरी बार बात हुई थी। कानूनी प्रक्रिया के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचित करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानी थाना क्षेत्र के किठौली गांव निवासी 35 वर्षीय सुमित न्यू सकौती रेलवे स्टेशन पर रेलवे मेंटेनेंस विभाग में सुपरवाइजर के पद पर तैनात थे। सोमवार दिन में सुमित का शव दौराला थाना क्षेत्र के दादरी गांव के जंगल में आम बाग में लटका मिला। यह देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा। शव के पास बाइक व हेलमेट पड़ा था। पुलिस ने परिजनों को सूचित करने के बाद जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुला लिया। घटनास्थल से साक्ष्य लेने के बाद फोरेंसिक टीम लौट गई। सुमित की मौत की खबर मिलते ही उनके दो बड़े भाई धीरज उर्फ सोनू व दीपक मौके पर पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने सुमित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुमित के परिवार में दो बड़े भाइयों के अलावा एक बहन प्रियंका भी है। सभी की शादी हो चुकी है। सुमित की मौत से उनकी पत्नी, पिता कृष्ण पाल और मां सुमन का रो-रोकर बुरा हाल है।
रविवार रात आखिरी बार की थी प्रेमिका को काल
पुलिस को सुमित के मोबाइल से एक आडियो रिकार्डिंग भी मिली है, जो रविवार रात की बताई जा रही है। इस आडियो में सुमित प्रेमिका से गिड़गिड़ा रहा है और रोते हुए कह रहा है कि प्लीज मुझे छोड़कर मत जाओ बाबू, मैं तेरे बिना नहीं जी सकता। मेरे प्यार को मत ठुकराओ, मैं तुम्हारे बिना नहीं रह सकता। उसने प्यार की भीख मांगी, लेकिन सामने से इन्कार मिला। सुमित ने यह भी कहा था कि वह आत्महत्या करने जा रहा है। प्यार में मिली बेवफाई के कारण सुमित ने सोमवार को यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
भाई ने युवती पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया
भाई दीपक का आरोप है कि सुमित का शोभापुर निवासी एक युवती से प्रेम संबंध थे। तीन साल पहले युवती ने झूठे मुकदमे में सुमित को जेल भिजवा दिया था। दीपक ने बताया, बीती रात भी युवती ने पुलिस को घर भेजकर दोबारा दुष्कर्म जैसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी थी। लगातार मानसिक उत्पीड़न, डर और अपमान से सुमित टूट गया था और इसी के चलते सुमित ने आत्महत्या की है।
इनका कहना है...
सुमित के मोबाइल से युवती से बातचीत की एक आडियो रिकार्डिंग भी मिली है। परिजनों ने युवती पर ब्लैकमेल करने का आरोप भी लगाया है। पुलिस हर बिंदु पर जांच पड़ताल कर रही है। सुमित के परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।