weather alert: यूपी, उत्तराखंड से लेकर हरियाणा समेत अन्य राज्यों में मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 7 दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है. माना जा रहा है कि उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा. देशभर में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है और अगले सात दिनों तक बारिश का सिलसिला थमने वाला नहीं है. मौसम विभागने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है इनमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, हिमाचल, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और दक्षिण भारत के कई राज्य शामिल हैं.
उत्तर प्रदेश में दिखेगा बारिश का कहर
उत्तर प्रदेश में 27 जून से 2 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान है. 28 जून से 1 जुलाई तक कई जिलों में तेज और बहुत तेज बारिश हो सकती है, जिसमें 20 से 30 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी. बीते 24 घंटों में देवबंद (6 सेमी), मौदहा (5 सेमी), ठाकुरद्वारा (4 सेमी) और कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई.
इन राज्यों में भी झमाझम बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में 29 जून को भारी बारिश का अलर्ट है. इस दिन 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. वहीं हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक झमाझम बारिश हो सकती है.
मध्य भारत में भी होगी झमाझम बारिश मध्य भारत जैसे एमपी, छत्तीसगढ़ और झारखंड में 26 जून से 2 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान है. 26, 29 जून और 1 जुलाई को बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.
दक्षिण भारत में रेड अलर्ट जारी
दक्षिण भारत में हालात और गंभीर हैं. केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कुछ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है. केरल के वायनाड, कोट्टायम, एर्नाकुलम और इडुक्की जिलों में 20 सेमी से अधिक बारिश हो सकती है और अकस्मात बाढ़ की आशंका भी जताई गई है. लोगों से अपील की गई है कि वो सतर्क रहें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें.