Rain alert in 40 districts: मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के 40 से अधिक जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। 31 जनवरी से एक मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय हो रही है, जिसके असर से प्रदेश में लगातार तीन दिन तक बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कई इलाकों में कोहरे का असर भी बना रहेगा, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
ठंड भी बढ़ेगी
मौसम विभाग के अनुसार, लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। हाल ही में उत्तर भारत में हुई बर्फबारी के बाद ठंडी हवाएं मध्य प्रदेश तक पहुंची हैं। इसी कारण तापमान में गिरावट आई है और अब बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई गई है।
कोहरे का असर
बारिश से पहले प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, चंबल, शहडोल, सागर और रीवा संभाग के कई जिलों में सुबह के समय कोहरे के कारण दृश्यता कम रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि कुछ जिलों में कोहरा अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है।
यह भी देखेंःBudget Points To Public: बजट की बातें जनता तक पहुंचाएगी बीजेपी, देशभर में चलेगा जनसंपर्क अभियान
इन जिलों में बारिश
31 जनवरी को ग्वालियर, विदिशा, छतरपुर, टीकमगढ़, अशोकनगर, भिंड, मुरैना, निवाड़ी, दतिया, शिवपुरी, श्योपुर, गुना और सागर में बारिश के आसार हैं। वहीं 1 फरवरी को भोपाल, ग्वालियर, गुना, विदिशा, सतना, सागर, सीहोर, रीवा, रायसेन, राजगढ़ सहित कई जिलों में पानी गिर सकता है।
2 फरवरी को सबसे ज्यादा असर
2 फरवरी को बारिश का दायरा और बढ़ने का अनुमान है। इस दिन भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, शहडोल, सिंगरौली, सीधी, सतना, नर्मदापुरम, धार, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, हरदा समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम को देखते हुए जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।