देश के कई हिस्सों में मानसून अब भी अपने अलग-अलग रूप दिखा रहा है. कुछ जगहों पर बारिश बहुत ज्यादा हो रही है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है, तो कई इलाकों में अब भी लोग बारिश का इंतजार कर रहे हैं. खेती पर निर्भर भारत के लिए न तो कम बारिश ठीक है और न ही ज्यादा. इसी बीच मौसम विभाग ने 11 जुलाई के लिए कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. आइए जानते हैं कहां-कहां बारिश हो सकती है और कैसा रहेगा दिल्ली और उत्तर प्रदेश का मौसम.
इन राज्यों में हो सकती है तेज बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी 11 जुलाई को कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. ये राज्य हैं ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, हरियाणा और पंजाब. यहां पर कुछ इलाकों में तेज बारिश भी हो सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
किन राज्यों में है हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान
जिन राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया जा रहा है, वो राज्य हैं पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत में असम, मणिपुर, सिक्किम, बिहार, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, कोंकण, गोवा, तटीय कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह. इन राज्यों में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं बिजली गिरने की संभावना भी है.
कहां हो सकती है हल्की बारिश
अगले कुछ दिनों में राजस्थान, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में बारिश धीरे-धीरे बढ़ सकती है. खासतौर पर पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश में बारिश बढ़ने के अनुमान हैं.
दिल्ली का क्या है हाल
राजधानी में आज हल्की बारिश और आंधी आने की संभावना है. हालांकि यह ज्यादा तेज नहीं होगी. मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है लेकिन बादल छाए रहेंगे और मौसम थोड़ा बदला-बदला रह सकता है.
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज
राजधानी लखनऊ में आज बादल छाए रहने के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना है. बारिश बहुत तेज नहीं होगी, लेकिन मौसम ठंडा और नम बना रह सकता है.