UP Weather Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए अगले कुछ घंटों का मौसम अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक प्रदेश में फिलहाल बारिश और आंधी का सिलसिला जारी रहेगा। कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में तेज हवाओं और बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है।
40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार
मौसम विभाग ने जालौन, आगरा, कानपुर नगर, इटावा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, कासगंज, उन्नाव, हरदोई, बरेली, रामपुर, बदायूं, संभल, अमरोहा और मुरादाबाद समेत कई जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में बिजली चमकने और मध्यम बारिश की भी संभावना जताई गई है।
कई जिलों बारिश के आसार
इसके अलावा प्रयागराज, प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशांबी, हमीरपुर, झांसी, हाथरस, सीतापुर, अयोध्या, बाराबंकी, मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर सहित कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की आंधी और बारिश की संभावना है।
यह भी देखेंःGovernor dismisses Mamata government: पश्चिम बंगाल में बड़ा राजनीतिक उलटफेर, राज्यपाल ने ममता सरकार को किया बर्खास्त
बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। वहीं पहाड़ों से आने वाली हवाओं और वातावरण में मौजूद नमी के कारण मौसम लगातार बदल रहा है। IMD ने अनुमान जताया है कि 10 मई के आसपास नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
बढ़ीं बच्चों की परेशानियां
लगातार बदलते मौसम और तापमान में गिरावट का असर बच्चों की सेहत पर भी पड़ रहा है। जिला अस्पतालों में खांसी, जुकाम, सांस लेने में दिक्कत और निमोनिया से पीड़ित बच्चों की संख्या बढ़ने लगी है। डॉक्टरों ने मौसम में बदलाव के दौरान बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।