छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बैटरी कारोबारी सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू (45) ने कथित तौर पर पहले पत्नी और तीन बच्चों को खाने में जहर दिया, फिर खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके से कीटनाशक का डिब्बा और खाने-पीने का सामान बरामद किया है। मामले की जांच जारी है।
बंद घर से बदबू आने पर खुला मामला
पड़ोसियों के अनुसार परिवार गुरुवार शाम के बाद से दिखाई नहीं दिया था। शुक्रवार को भी घर का दरवाजा बंद रहा। रात में घर के अंदर से तेज बदबू आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कारोबारी का शव फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी और तीनों बच्चों के शव कमरे में जमीन पर पड़े थे।
आर्थिक तंगी और कर्ज की जांच कर रही पुलिस
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि शाहिद बैटरी रिपेयरिंग और पुरानी बैटरियों के कारोबार से जुड़ा था। उस पर करीब 20 लाख रुपये का कर्ज बताया जा रहा है। बैंक की ईएमआई और निजी उधारी का दबाव लगातार बढ़ रहा था। पुलिस आर्थिक संकट को घटना के संभावित कारणों में शामिल कर जांच कर रही है।
जहर देने की आशंका, फोरेंसिक जांच जारी
मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को आशंका है कि परिवार के सदस्यों को पहले खाने में जहर दिया गया। मृतकों के मुंह से झाग निकलने और कमरे में कीटनाशक मिलने के बाद इस पहलू की जांच की जा रही है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए
पुलिस ने पांचों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान शाहिद के भाई ने की। घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए गए हैं और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।