लखनऊ के हजरतगंज स्थित सिल्वर ओक अपार्टमेंट में हुए हाई-वोल्टेज घटनाक्रम के बाद कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ की पत्नी भानवी सिंह को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. उनके माता-पिता रवि प्रताप और मंजुल सिंह ने डीजीपी और लखनऊ के पुलिस कमिश्नर को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने बेटी पर जान का खतरा होने का आरोप लगाया है. पत्र में बताया गया है कि भानवी ने कथित रूप से पावर ऑफ अटॉर्नी का दुरुपयोग कर करोड़ों की संपत्ति बेच दी और खाने में जहर मिलाने, मारपीट और घर में जबरन घुसने जैसी आपराधिक योजनाओं के बारे में भी बातें लिखी गई हैं.
घंटों चला था हाइवोल्टेज ड्रामा
1 जुलाई की रात भानवी सिल्वर ओक अपार्टमेंट पहुंचीं, जहां उनके मां-बाप और बहन साध्वी रहती हैं. जब परिवार ने दरवाजा नहीं खोला, तो उन्होंने दरवाजे पर घंटियाँ बजा-चिल्लाकर हंगामा किया, जिससे पड़ोसियों ने 112 नंबर पर सूचना दी और पुलिस ने हस्तक्षेप कर उन्हें शांत करवाया.
परिवार के लिए बताया खतरा
इस कार्रवाई के कुछ घंटों बाद ही उनके माता-पिता ने डीजीपी और पुलिस आयुक्त को पत्र लिखा, जिसमें कहा गया कि संपत्ति विवाद के चलते उन्हें भानवी से जान का खतरा है. साथ ही, पुलिस से लखनऊ के परिवारिक निवास पर भानवी की आने पर रोक लगाने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई.
संपत्ति हड़पने का लगाया आरोप
रवि प्रताप सिंह ने बताया कि उन्होंने भरोसा करके भानवी को पावर ऑफ अटॉर्नी दिया था, लेकिन उन्होंने उनकी अनुमति के बिना करोड़ों की जमीन और प्रॉपर्टी बेच दी. आरोप है कि भानवी ने नौकरों को रिश्वत देकर उनके खाने में ज़हर घोलने को कहा, यह साजिश संपत्ति हड़पने की थी.
भानवी पर आरोप है कि उन्होंने बस्ती में परिवार के घर का ताला तोड़कर जबरन प्रवेश किया और इसके अलावा मां–बहन से मारपीट भी की.
वीडियो भी हुआ वायरल
CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि भानवी अकेले नहीं, बल्कि एक अन्य महिला के साथ दरवाजा बजाती हुई दिख रहीं थीं मगर घर से कोई जवाब नहीं आया. इस घटना के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि परिजनों को पुलिस बुलानी पड़ी.
दोनों पक्षों का बयान
भानवी सिंह ने इस मामले पर चुप्पी साध रखी है, उन्होंने ज़ोर दिया कि परिवार से मिलने आई थीं जिसपर उन्हें अयोग्य तरीके से रोका गया था. उन्होंने अपनी बात मीडिया के सामने रखने का भी वादा किया है.
वहीं परिवार ने डीजीपी को लिखित शिकायत की है जिसमें सुरक्षा की मांग करते हुए यह भी कहा है कि अगर भानवी को घर आने से न रोका गया, तो परिवार की जान का बड़ा खतरा हो सकता है.