
Raja Raghuvanshi murder : इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में अब एक नया मोड़ सामने आया है। राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने दावा किया है कि उनके भाई की आत्मा अभी तक मोक्ष को प्राप्त नहीं कर पाई है और शिलांग में भटक रही है। इसीलिए वे उस स्थल पर पहुंचे, जहां राजा की बेरहमी से हत्या की गई थी। वहां उन्होंने आत्मा की शांति और मोक्ष के लिए विशेष पूजा-अर्चना करवाई। इसके साथ ही अब वे आरोपी शिलोम जेम्स की जमानत रद्द करने के लिए हाईकोर्ट का रुख करने जा रहे हैं।
भाई ने की आत्मा की शांति के लिए पूजा
विपिन रघुवंशी ने बताया कि उन्होंने शिलांग के सोहरा क्षेत्र में उस जगह जाकर पूजा करवाई है, जहां राजा को उनकी पत्नी सोनम और उसके साथियों ने मिलकर हत्या कर खाई में फेंक दिया था। विपिन का कहना है कि उन्हें लगातार यह महसूस हो रहा था कि राजा की आत्मा को शांति नहीं मिली है और वह तड़प रही है। इसलिए उन्होंने वहां पहुंचकर धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराईं।
अस्पताल जाकर लिया डेथ सर्टिफिकेट
पूजा-अर्चना के बाद विपिन सोहरा पुलिस से मिले और फिर सीधे अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने राजा रघुवंशी का डेथ सर्टिफिकेट प्राप्त किया। विपिन ने बताया कि वे कई दिनों से इस सर्टिफिकेट के लिए प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस और प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं मिल पा रही थी। आखिरकार उन्होंने खुद शिलांग पहुंचकर यह दस्तावेज हासिल किया।
हाईकोर्ट में दाखिल होगी याचिका
विपिन रघुवंशी अब हत्या के मुख्य आरोपी शिलोम जेम्स की जमानत रद्द कराने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर करने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बुधवार को ही इस केस के लिए एक नया वकील नियुक्त किया है, जो याचिका दायर करने की प्रक्रिया में जुटा है। सूत्रों के अनुसार, यह याचिका आज दाखिल की जा सकती है।
परिवार को अब भी न्याय की आस
रघुवंशी परिवार को अब भी न्याय की उम्मीद है। विपिन का कहना है कि वे अंतिम सांस तक अपने भाई को न्याय दिलाने के लिए लड़ते रहेंगे। वे यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा मिले और राजा की आत्मा को पूरी तरह शांति मिल सके।