Raja Raghuvanshi Murder Case: इंसाफ की राह देख रहे परिवार को गहरा आघात । इंदौर के चर्चित कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में न्याय की उम्मीद लगाए बैठे परिवार को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब तीन मुख्य आरोपियों—लोकेंद्र तोमर, बलवीर और शिलोम जेम्स—को अदालत से जमानत मिल गई। इन पर हत्या के साक्ष्य मिटाने का आरोप है। इस खबर के बाद राजा की मां उमा रघुवंशी की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। उमा रघुवंशी वही मां हैं जो हर सुबह दरवाजे पर बेटे की वापसी की आस लिए बैठती हैं। अब उन्हें लगने लगा है कि शायद कानून भी उनका साथ छोड़ चुका है।
"राजा सपनों में आता है…" – मां की पीड़ा
राजा की मां उमा रघुवंशी ने रोते हुए कहा, “राजा मेरी बहू के सपनों में आया था। उसने कहा था कि वो लौटेगा। लेकिन अब जब मुझे पता चला कि आरोपी छूट गए हैं, मेरा दिल बैठ गया है। न मुझे बेटे की मौत की पुष्टि मिली, न ही डेथ सर्टिफिकेट। मैं खुद शिलांग जाऊंगी, बेटे को इंसाफ दिलाने।”
परिवार का गंभीर आरोप – "गोविंद दे रहा है आरोपियों को संरक्षण"
राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने दावा किया कि आरोपी गोविंद की शह पर एक-एक कर छूट रहे हैं। उनका आरोप है कि “गोविंद सोनम और राजा की शादी करवाना चाहता था, और अब आरोपियों को बचा रहा है।” उन्होंने कहा, “हमने कई बार अधिकारियों से डेथ सर्टिफिकेट मांगा, लेकिन आज तक कुछ नहीं मिला। हमें डर है कि ये लोग हमारी जान को भी खतरे में डाल सकते हैं।”
"अगर न्याय नहीं मिला, तो करेंगे सामूहिक आत्महत्या" – परिवार की चेतावनी
राजा के बड़े भाई सचिन रघुवंशी ने कहा कि “अगर बाकी आरोपी भी छूट गए, तो हम पूरा परिवार आत्महत्या कर लेंगे। इसकी ज़िम्मेदारी शिलांग सरकार की होगी।” उन्होंने कहा कि केस में अभी तक कोर्ट को केस डायरी तक नहीं मिली और आरोपी एक-एक कर छूटते जा रहे हैं। “ये सब बिना राजनीतिक संरक्षण और भ्रष्टाचार के संभव नहीं है,” उन्होंने कहा।
तंत्र पर सवाल, न्याय व्यवस्था पर अविश्वास
यह मामला सिर्फ एक हत्याकांड नहीं, बल्कि सिस्टम पर सवाल उठाता है। राजा रघुवंशी के परिजनों की यह चेतावनी दर्शाती है कि जब न्याय में देरी होती है, तो भरोसा टूटता है। अब देखना होगा कि न्याय व्यवस्था कब और कैसे इस पीड़ित परिवार की आवाज़ सुनेगी।