राजा रघुवंशी मर्डर केस में नया खुलासा, सोनम और प्रेमी राज के संबंधों पर भाई ने उठाए सवाल, जांच और गहराई की मांग। राजा रघुवंशी हत्या मामले में रोज़ नए मोड़ सामने आ रहे हैं। पत्नी सोनम रघुवंशी की गिरफ्तारी के बाद जहां केस हल माना जा रहा था, वहीं अब राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने मामले को और उलझा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सोनम घटना के बाद प्रेमी राज कुशवाह के घर यूपी में छिपी हुई थी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि राजा की हत्या और शव मिलने के बीच सोनम और राज के बीच घंटों बातचीत होती थी। विपिन का कहना है कि सोनम ने सरेंडर करते समय दावा किया था कि कोई उसे छोड़ गया, लेकिन अब सामने आया है कि वह खुद बस से पहुंची थी। इस घटना से यह साफ हो गया है कि वह लगातार लोगों को भ्रमित कर रही थी। सोनम के गाजीपुर पहुंचने की कहानी ने पुलिस की जांच को नई दिशा दी है। मामले में अब तक 5 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन राजा का परिवार मानता है कि इसमें और भी लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस की जांच पर विश्वास जताते हुए विपिन ने कहा कि वह सच सामने लाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
रात 1 बजे ढाबे पर पहुंची सोनम
रविवार की रात करीब 1 बजे सोनम गाजीपुर-वाराणसी फोरलेन के आकुशपुर स्थित 'काशी चाय जायका' ढाबे पर अकेले, पैदल और बदहवास हालत में पहुंची। उसने ढाबा मालिक से मोबाइल मांगा और अपने भाई गोविंद को फोन कर फफक पड़ी। साहिल यादव ने बताया कि सोनम मानसिक रूप से थकी हुई लग रही थी। उसने कहा कि उसका मोबाइल खो गया है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे मेडिकल कॉलेज ले गई, फिर वन स्टॉप सेंटर में रखा गया।
प्रेमी राज से संबंधों पर गंभीर आरोप
विपिन रघुवंशी ने दावा किया कि सोनम और राज घंटों बात करते थे। उसने यह भी कहा कि सोनम शायद राज के घर में छिपी थी। अगर राज निर्दोष होता तो वह सोनम से इतनी लंबी बातचीत क्यों करता.. वहीं परिवार पर जानकारी छिपाने का आरोप भी लगाया गया है.. उन्होंने सोनम के अतीत को छिपाया। अगर पिता और भाई को राज के बारे में जानकारी होती, तो वे उसे फैक्ट्री से निकाल देते।
पुलिस जांच के घेरे में कई सवाल
अब यह सवाल उठ रहा है कि सोनम खुद गाजीपुर पहुंची या किसी ने उसे वहां छोड़ा? ढाबे पर उसकी स्थिति देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल है कि वह 15 दिनों तक किसी विपरीत परिस्थिति में रही होगी।