इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या का मामला हर दिन नई परतें खोल रहा है। शुरू में पुलिस को यह मामला आसान लग रहा था, लेकिन अब यह हत्याकांड एक सस्पेंस थ्रिलर जैसी शक्ल ले चुका है। पत्नी सोनम रघुवंशी को मास्टरमाइंड बताया जा रहा है, मगर जांच में अब एक छठे शख्स का नाम सामने आ रहा है जिसने इस पूरी साजिश की स्क्रिप्ट तैयार की। फिलहाल पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन अब यह साफ हो रहा है कि यह खौफनाक हत्या एक बड़े नेटवर्क और गहरी प्लानिंग का हिस्सा थी।
मास्टरमाइंड की पहचान अब भी रहस्य
इस हत्याकांड में सबसे बड़ा सवाल यही है कि असली मास्टरमाइंड कौन है? पुलिस को संदेह है कि इस खूनी साजिश के पीछे कोई छठा शख्स है, जो अब तक सामने नहीं आया। 25 साल की सोनम की मासूम सी दिखने वाली सूरत के पीछे की क्रूरता पर किसी को यकीन नहीं हो रहा, लेकिन तीन राज्यों की पुलिस को 17 दिन तक चकमा देना किसी अकेले के बस की बात नहीं लगती।
आरोपी आपस में ही एक-दूसरे पर फोड़ रहे ठीकरा
पुलिस के लिए एक और परेशानी यह है कि सभी आरोपी खुद को निर्दोष बता रहे हैं और एक-दूसरे को मास्टरमाइंड कह रहे हैं। सोनम जहां राज कुशवाहा को दोषी ठहरा रही है, वहीं राज का कहना है कि सारी योजना सोनम ने बनाई थी। कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद पुलिस सभी को आमने-सामने बिठाकर सच्चाई निकालने की तैयारी में है।
अब तक बरामद नहीं हुए मोबाइल और गहने
मामले की गुत्थी को सुलझाने के लिए सोनम और राजा के मोबाइल फोन सबसे अहम सबूत हो सकते हैं, लेकिन पुलिस को अब तक ये डिवाइस नहीं मिले हैं। कहा जा रहा है कि सोनम अपने दोनों फोन के साथ राजा का फोन भी गायब कर चुकी है। साथ ही राजा के गहने और पर्स भी लूटपाट दिखाने के लिए हटा दिए गए थे। इन चीज़ों की बरामदगी केस की दिशा बदल सकती है।
हत्या
के नाम पर था
'हनीमून ट्रैप'
11 मई को सोनम और राजा की शादी हुई थी और 12 दिन बाद दोनों मेघालय के चेरापूंजी में हनीमून पर गए। लेकिन यह हनीमून असल में एक खूनी जाल था। सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा और तीन शूटर – आकाश राजपूत, विशाल सिंह चौहान और आनंद कुर्मी – के साथ मिलकर राजा की हत्या की योजना पहले से तैयार कर ली थी। 2 जून को राजा की लाश एक गहरी खाई में मिली थी।
कॉल
डिटेल ने खोली पोल
शुरुआत में पुलिस इसे लूटपाट का मामला समझ रही थी, लेकिन सोनम की कॉल डिटेल खंगालते ही सारी कहानी खुलने लगी। सोनम लगातार राज कुशवाहा से संपर्क में थी। जब पुलिस ने उसकी कॉल हिस्ट्री और लोकेशन को मिलाया तो सारे तार आपस में जुड़ते चले गए।
कौन है छठा किरदार?
अब पुलिस की नजर उस छठे किरदार पर टिकी है, जिसने पूरे कांड की रूपरेखा बनाई। सवाल उठता है – क्या यह साजिश किसी वेब सीरीज या फिल्म से प्रेरित थी? क्या कोई तीसरा शख्स पर्दे के पीछे से सब कुछ कंट्रोल कर रहा था? पुलिस अब हर एंगल से मामले की गहराई में जा रही है।