देशभर में चर्चित राजा-सोनम हत्याकांड ने शादीशुदा रिश्तों में शक और डर का माहौल बना दिया है। इसी बीच मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी के अचानक लापता हो जाने के बाद एसपी ऑफिस में पहुंचकर अपनी फरियाद सुनाई। लेकिन इस बार मामला सिर्फ गुमशुदगी नहीं, बल्कि रिश्तों की जटिलता, डर और जिम्मेदारी से जुड़ा है। पति ने अधिकारियों से कहा कि अगर उसकी पत्नी उसके साथ नहीं रहना चाहती, तो वह इसका सम्मान करेगा। उसे सिर्फ यह जानना है कि वह सुरक्षित है और उसके दो बच्चों की परवरिश की दिशा तय हो सके। युवक की यह अपील सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गई है।
क्या है पूरा मामला?
नरसिंहपुर जिले के रहने वाले परसू ठाकुर की पत्नी अचानक गायब हो गई । डर से घबराया पति सीधे एसपी ऑफिस पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। उसने कहा, “अब मैं अपनी पत्नी से कुछ नहीं कहना चाहता, बस एक बार मिलवा दो या उसकी बात करवा दो”। पति का कहना है कि वह बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित है
राजा-सोनम हत्याकांड से बढ़ी चिंता
हाल ही में सामने आए राजा हत्याकांड में उसकी पत्नी सोनम पर अपने पति की हत्या की साजिश का आरोप है। सोनम ने अपने प्रेमी और सुपारी किलर के साथ मिलकर हनीमून ट्रिप के दौरान राजा की हत्या की थी। यह मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बन चुका है।
इस केस के बाद कई शादीशुदा पुरुषों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ी है। नरसिंहपुर की घटना इस मानसिक डर का एक ताजा उदाहरण है, जहां एक पति ने रिश्ते से ज्यादा सुरक्षा और स्पष्टता को तरजीह दी।
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परसू ठाकुर की पत्नी की तलाश की जा रही है। मामले को संवेदनशील मानते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है