राजस्थान और गुजरात के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने नई सुविधा शुरू कर दी है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लालगढ़-साबरमती एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। इस नई ट्रेन के शुरू होने से दोनों राज्यों के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और व्यापारियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों तथा पर्यटकों को सफर में बड़ी राहत मिलेगी।
क्या रहेगा ट्रेन का समय और संचालन
ट्रेन नंबर 19408 लालगढ़-साबरमती एक्सप्रेस 23 जून से रोजाना रात 9:05 बजे लालगढ़ से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:30 बजे साबरमती पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन नंबर 19407 साबरमती-लालगढ़ एक्सप्रेस 22 जून से प्रतिदिन शाम 5:55 बजे साबरमती से चलेगी और अगले दिन सुबह 8:10 बजे लालगढ़ पहुंचेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
रेल मंत्रालय के अनुसार यह एक्सप्रेस ट्रेन दोनों दिशाओं में मेहसाणा, पाटन, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी, लूनी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, नागौर, नोखा और बीकानेर रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। इस सेवा से राजस्थान के बीकानेर, नागौर, जोधपुर, बालोतरा और जालौर समेत कई जिलों के लोगों को लाभ मिलेगा, जबकि गुजरात के अहमदाबाद, मेहसाणा, पाटन और बनासकांठा जिले भी इससे जुड़ेंगे।
ये भी पढ़ें : RBI के नए KCC नियम से किसानों को बड़ी राहत, बिना जमानत मिलेगा लाखों तक का कृषि लोन
ट्रेन में यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
साबरमती-लालगढ़ एक्सप्रेस में कुल 23 कोच लगाए गए हैं। इसमें एक फर्स्ट एसी कोच, तीन सेकेंड एसी कोच, पांच थर्ड एसी कोच, दो इकोनॉमी थर्ड एसी कोच, छह स्लीपर कोच और दो जनरल कोच शामिल हैं। अलग-अलग श्रेणी के डिब्बों की वजह से हर वर्ग के यात्रियों को अपनी जरूरत के अनुसार सफर की सुविधा मिलेगी।
दरभंगा-खातीपुरा अमृत भारत एक्सप्रेस को भी मिली हरी झंडी
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसी अवसर पर बिहार के दरभंगा और राजस्थान के खातीपुरा के बीच चलने वाली नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी रवाना किया। यह ट्रेन 22 जून से सप्ताह में छह दिन चलेगी। इसमें 8 स्लीपर कोच, 11 जनरल कोच, एक पेंट्री कार और एक एलएसएलआरडी कोच सहित कुल 22 डिब्बे लगाए गए हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर और किफायती यात्रा सुविधा मिलेगी।