
राजस्थान के सिरोही जिले के आबूरोड क्षेत्र के पांडूरी गांव की बंजाराफली प्राथमिक स्कूल में शनिवार सुबह एक बड़ा टल गया। स्कूल के बरामदे की छत का प्लास्टर अचानक नीचे गिर गया। गनीमत रही कि उस समय बरामदे के नीचे कोई बच्चा मौजूद नहीं था, वरना एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
स्थानीय लोगों और स्कूल प्रशासन के अनुसार, स्कूल के दो कक्षा-कक्ष पहले से ही जर्जर हालत में हैं। प्लास्टर गिरने की घटना के बाद बच्चों में डर का माहौल है। स्कूल प्रबंधन ने इन खतरनाक कमरों को फिलहाल सील कर दिया है और बच्चों को खुले बरामदे और पास की आंगनवाड़ी केंद्र में पढ़ाया जा रहा है।
78 छात्रों वाले इस स्कूल में पढ़ाई के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। प्रधानाध्यापक सुनीता बैरवा ने बताया कि स्कूल की खराब स्थिति और प्लास्टर गिरने की घटना की सूचना विभागीय अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि छात्रों को सुरक्षित स्थान पर बैठाया जा रहा है।
भवन की नींव कमजोर हुई
भाजपा भाखर मंडल अध्यक्ष दशरथसिंह राव ने कहा कि स्कूल भवन के पास लगातार की जा रही ब्लास्टिंग से भी भवन की नींव कमजोर हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्कूल भवन की स्थिति को लेकर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर नया भवन बनवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
स्कूल भेजने को मजबूर
छात्रों के अभिभावकों ने कहा कि वे अपने बच्चों को डर के माहौल में स्कूल भेजने को मजबूर हैं। यदि जल्द ही नया भवन नहीं बना तो वे बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर देंगे।
शिक्षा विभाग के लिए चेतावनी
पांडूरी बंजाराफली स्कूल की यह स्थिति प्रशासन और शिक्षा विभाग के लिए चेतावनी है। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो बच्चों की जान को खतरा हो सकता है और शिक्षा का अधिकार भी प्रभावित होगा।