आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर पूरे टूर्नामेंट में सनसनी फैला दी। अब राजस्थान की टीम क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी। मुल्लांपुर के मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 243 रन का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की पूरी टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर सिमट गई। अब हर किसी की नजर राजस्थान और गुजरात के महामुकाबले पर टिक गई है।
वैभव सूर्यवंशी ने मचा दी तबाही
पूरा मुकाबला 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के नाम रहा। युवा बल्लेबाज ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेलकर हैदराबाद के गेंदबाजों को पूरी तरह तोड़ दिया। इस दौरान उनके बल्ले से 12 छक्के और 5 चौके निकले। वैभव IPL इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने से सिर्फ 3 रन दूर रह गए। उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ पहले विकेट के लिए सिर्फ 8 ओवर में 125 रन जोड़ दिए। पैट कमिंस, साकिब हुसैन और ईशान मलिंगा जैसे गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। अब गुजरात के गेंदबाजों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही रहने वाली है कि आखिर वैभव को रोका कैसे जाए।
ध्रुव जुरेल ने भी बढ़ाई मुश्किलें
वैभव के आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल ने भी हैदराबाद की मुश्किलें और बढ़ा दीं। जुरेल ने सिर्फ 21 गेंदों में 50 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी ने राजस्थान को 243 रन तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई। कप्तान रियान पराग ने भी तेज 26 रन बनाए। हालांकि आखिरी चार ओवर में राजस्थान की टीम ज्यादा तेजी से रन नहीं बना सकी, वरना स्कोर 260 के पार जा सकता था। हैदराबाद की ओर से प्रफुल्ल हिंगे ने 3 विकेट लिए लेकिन बाकी गेंदबाजों की जमकर धुनाई हुई।
आर्चर की आग में जल गई हैदराबाद
244 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। जोफ्रा आर्चर ने दूसरी ही गेंद पर अभिषेक शर्मा को आउट कर मैच का रुख बदल दिया। इसके बाद उन्होंने इशान किशन और ट्रेविस हेड को भी पवेलियन भेज दिया। पांचवें ओवर तक हैदराबाद ने 57 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। इशान किशन ने 33 रन और नितीश कुमार रेड्डी ने 38 रन बनाकर लड़ाई जरूर लड़ी लेकिन टीम कभी मैच में वापसी नहीं कर सकी। आर्चर ने 3 विकेट झटके जबकि रविंद्र जडेजा और नांद्रे बर्गर ने 2-2 विकेट लिए।
इसे भी पढ़ें : ओपनर्स नहीं, इन बल्लेबाजों ने भी IPL में मचाई रनों की तबाही, पढ़ें लिस्ट में किसका नाम ?
अब गुजरात के सामने सबसे बड़ी परीक्षा
राजस्थान रॉयल्स की इस जीत के बाद अब गुजरात टाइटंस की चिंता बढ़ गई है। शुभमन गिल की टीम को अब क्वालीफायर-2 में उस राजस्थान से भिड़ना है, जिसकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों खतरनाक फॉर्म में हैं। खासकर वैभव सूर्यवंशी जिस अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसने पूरे क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है। अब देखने वाली बात यही होगी कि गुजरात की टीम इस युवा तूफान को रोक पाती है या फिर वैभव एक और रिकॉर्डों वाली रात लिख देते हैं।