Rajasthani Kadhi Recipe : कढ़ी भारतीय घरों में पसंद की जाने वाली ऐसी डिश है, जिसे चावल या रोटी के साथ बड़े चाव से खाया जाता है. आमतौर पर कढ़ी में बेसन के पकोड़े डाले जाते हैं, लेकिन अगर आप इस बार कुछ अलग बनाना चाहते हैं तो राजस्थानी अंदाज की उड़द दाल वाली कढ़ी ट्राई कर सकते हैं। इसमें बेसन की जगह उड़द दाल से नरम और स्वादिष्ट पकोड़े तैयार किए जाते हैं.
ऐसे तैयार करें उड़द दाल के पकोड़े
सबसे पहले उड़द दाल को अच्छी तरह धोकर कुछ घंटों के लिए पानी में भिगो दें. दाल नरम हो जाए तो इसका अतिरिक्त पानी निकालकर इसे पीस लें। पेस्ट को बहुत ज्यादा पतला न रखें. इसमें नमक, थोड़ा मसाला और स्वाद के अनुसार हरी मिर्च मिलाई जा सकती है. अब इस मिश्रण को अच्छी तरह फेंटें, ताकि पकोड़े हल्के और नरम बनें. इसके बाद छोटे-छोटे पकोड़े तैयार करके तल लें.
दही से बनाएं कढ़ी का बेस
कढ़ी के लिए दही को अच्छी तरह फेंट लें और इसमें जरूरत के अनुसार पानी मिलाएं। इसमें हल्दी, नमक और थोड़ा मसाला डालकर मिश्रण तैयार करें। इसे कड़ाही में डालकर धीमी से मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं, ताकि कढ़ी अच्छी तरह पक जाए और दही फटे नहीं.
ये भी पढ़ें -
लहसुन के तड़के से आएगा खास स्वाद
अब बारी आती है कढ़ी को खास बनाने वाले तड़के की. एक छोटे पैन में तेल या घी गर्म करें. इसमें जीरा, सूखी लाल मिर्च और बारीक कटा हुआ लहसुन डालें. लहसुन हल्का सुनहरा होते ही इस तड़के को तैयार कढ़ी के ऊपर डाल दें.
गरमागरम परोसें
अंत में उड़द दाल के पकोड़ों को कढ़ी में डालकर कुछ मिनट पकने दें, ताकि पकोड़े कढ़ी का स्वाद अच्छी तरह सोख लें. इसे गरम चावल, जीरा राइस या रोटी के साथ परोसा जा सकता है। लहसुन का तड़का इस पारंपरिक डिश के स्वाद को और भी खास बना देता है.