
इन दिनों भारत में रणजी ट्रॉफी के मुकाबले खेले जा रहे हैं. वहीं जिन खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए टीम इंडिया में जगह नहीं मिली, वे अपने राज्य की टीमों से खेल रहे हैं. इन्हीं में से एक नाम रजत पाटीदार का भी है. जिन्होंने शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. काफी लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे रजत ने रणजी ट्रॉफी में दोहरा शतक ठोककर शानदार वापसी का संकेत दे दिया है.
रणजी मैच में दोहरे शतक की पारी में लगाए 25 चौके
दरअसल रजत पाटीदार ने मध्य प्रदेश और पंजाब के बीच चल रहे मैच में कप्तानी करते हुए यह कारनामा कर दिखाया है. इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए मध्य प्रदेश की टीम को शुरुआत में झटके लगे, लेकिन रजत ने मोर्चा बखूबी संभाला. रजत पांच नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए मैदान पर उतरे और पहले दिन ही शतक लगाकर नाबाद लौटे. वही दूसरे दिन उन्होंने पारी को आगे बढ़ाते हुए अपने 200 रन पूरे कर लिए. वहीं इस बीच खास बात यह रही कि उन्होंने अपनी दोहरे शतक की पारी में 25 चौके लगाए, मगर एक भी छक्का नहीं मारा, जिससे उनकी सधी हुई बल्लेबाजी का अंदाजा लगाया जा सकता है.
कोई खिलाड़ी ना खड़ा कर सका ऐसा स्कोर
वहीं रजत के अलावा टीम के लिए कोई भी खिलाड़ी इतना बड़ा स्कोर नहीं बना सका. इस मैच में वेंकटेश अय्यर ने 73 रन बनाए, जबकि बाकी बल्लेबाज 50 का आंकड़ा पार नहीं कर पाए. अकेले रजत की बदौलत मध्य प्रदेश ने 500 रन के करीब स्कोर बना लिया, जिसने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने का काम कियाय
सारांश जैन ने झटके 6 विकेट
वहीं बात करें पंजाब टीम की तो ये टीम इससे पहले अपनी पहली पारी में केवल 232 रन पर सिमट गई थी, पंजाब के लिए उदय सहारण ने 75 रन बनाए, जबकि बाकी खिलाड़ी असफल साबित हुए. वहीं मध्य प्रदेश के गेंदबाज सरांश जैन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके और सिर्फ 75 रन खर्च किए. इस तरह से मध्य प्रदेश ने पंजाब पर बड़ी बढ़त हासिल कर ली.
इसे भी पढ़ें : IRCTC दे रहा विदेशी धरती पर कदम रखने का मौका, इस देश की सैर के लिए बस एक बार करें पेमेंट, जानें क्या मिलेंगी सुविधाएं और क्या होगी सहूलियत
रजत ने 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू किया
अब तक भारत के लिए रजत पाटीदार तीन टेस्ट मैच खेल चुके हैं. उन्होंने साल 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू किया था, लेकिन छह पारियों में सिर्फ 63 रन ही बना सके थे. पाटीदार को खराब फॉर्म के कारण टीम से बाहर कर दिया गया था और फिर चयनकर्ताओं ने उनकी ओर ध्यान नहीं दिया. हालांकि रणजी ट्रॉफी में इस दोहरे शतक के बाद यह सवाल फिर उठ गया है कि क्या रजत पाटीदार जल्द ही टीम इंडिया में वापसी कर पाएंगे.