लखनऊ। पंचायती राज मंत्री और अंबेडकरनगर के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल की बातें जनता अभी भूली नहीं है और 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी। राजभर ने आरोप लगाया कि आजम खां को भी सपा शासन में ही फंसाया गया था। उन्होंने कहा कि केवल बयानबाजी से सरकार नहीं बनती।
राजभर ने दावा किया कि अंबेडकरनगर की बची चार विधानसभा सीटों पर सपा को हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने गोरखपुर मंडल की 29 सीटों पर भी सपा की हार और वाराणसी की 28 में से केवल चार सीटें जीतने का दावा किया। एटा, इटावा, कन्नौज और मैनपुरी में पुराने शासन की कानून-व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा।
अखिलेश यादव के संजय निषाद को लेकर सरकार से बाहर आने संबंधी तंज पर राजभर ने कहा कि मामले में कानून के मुताबिक कार्रवाई हुई और तीन आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।