
Rajnath Singh Slams Rahul Gandhi: दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी पर जनता को गुमराह करने और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर बेबुनियाद आरोप लगाने का आरोप लगाया। राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की बयानबाज़ी केवल सनसनी फैलाने के लिए है और उनके पास न तो कोई ठोस तथ्य हैं, न ही कोई प्रमाण। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता को ऐसा गैर-जिम्मेदार रवैया शोभा नहीं देता।
‘अगर एटम बम है तो टेस्ट कर दीजिए’
राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके पास चुनाव आयोग के खिलाफ सबूतों का ‘एटम बम’ है। इस पर तंज कसते हुए राजनाथ बोले, "अगर आपके पास एटम बम है तो उसका टेस्ट अभी कर दीजिए, देर किस बात की है?" उन्होंने राहुल को याद दिलाया कि पहले भी उन्होंने ऐसे कई दावे किए हैं, लेकिन जब वे सामने आए तो उसमें कोई ठोस बात नहीं निकली। राजनाथ ने कहा कि ऐसे हल्के आरोपों से संस्थाओं की साख पर सवाल खड़ा करना ठीक नहीं।
यह भी पढ़ेंःRailway News: बुजुर्ग यात्रियों को राहत: स्लीपर और थर्ड एसी में फिर मिल सकती है किराये में छूट.
‘संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करें’
रक्षामंत्री ने अपील की कि संवैधानिक संस्थाओं को अपना काम करने देना चाहिए और उन पर अनावश्यक हमला करना लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ऐसी बयानबाज़ी कांग्रेस के लिए भी नुकसानदेह है। साथ ही उन्होंने सलाह दी कि अगर उनके पास कोई सबूत हैं तो वे देश के सामने रखें, वरना अनर्गल बयान देने से बचें। राजनाथ सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात कहने का अधिकार है, लेकिन जिम्मेदारी के साथ।