WB Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में कोलकाता पोर्ट सीट इस बार खास चर्चा में है। यहां भारतीय जनता पार्टी ने राकेश सिंह को उम्मीदवार बनाया है, जो हाल ही में जेल से रिहा होकर सीधे चुनावी मैदान में उतर गए हैं। उनके उतरते ही यह सीट हाई-प्रोफाइल बन गई है और मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है।
जेल से रिहाई के बाद मिला टिकट
भारतीय जनता पार्टी ने अपनी छठी उम्मीदवार सूची में सिर्फ एक नाम शामिल किया, वह था राकेश सिंह का। खास बात यह रही कि उन्हें टिकट मिलने से करीब 24 घंटे पहले ही प्रेसिडेंसी जेल से रिहा किया गया था। करीब पांच महीने जेल में रहने के बाद उनकी वापसी ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है।
टीएमसी के दिग्गज से सीधा मुकाबला
इस सीट पर All India Trinamool Congress ने अपने वरिष्ठ नेता और कोलकाता के मेयर फिरहद हकीम को मैदान में उतारा है। फिरहद हकीम 2011 से लगातार इस सीट से जीतते आ रहे हैं, जिससे मुकाबला और भी कड़ा हो गया है।
यह भी देखेंःBJP Sankalp Patra: सोनार बांग्ला का वादा, बीजेपी ने जारी किया WB चुनाव के लिए संकल्प पत्र
आपराधिक मामलों और विवादों में रहे हैं चर्चा में
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राकेश सिंह पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उन्हें हिस्ट्रीशीटर भी बताया गया है। पिछले साल उन्हें टांगरा इलाके से गिरफ्तार किया गया था। उन पर विधान भवन पर हमले और प्रदर्शन के दौरान हिंसा फैलाने के आरोप भी लगे थे, जिससे उनका नाम लगातार सुर्खियों में रहा।
संपत्ति और राजनीतिक पृष्ठभूमि
हलफनामे के अनुसार, राकेश सिंह के पास करोड़ों की संपत्ति है, जिसमें नकद, सोना और अचल संपत्ति शामिल है। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कोलकाता चिड़ियाघर में यूनियन नेता के रूप में की थी। अब देखना होगा कि इस मुस्लिम बहुल सीट पर, जहां अब तक बीजेपी जीत दर्ज नहीं कर पाई है, इस बार क्या परिणाम सामने आते हैं।