Raksha Bandhan 2026 Date: भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को समर्पित रक्षाबंधन का त्योहार हर साल बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। यह पर्व भाई-बहन के बीच प्यार, भरोसे और एक-दूसरे की रक्षा के संकल्प का प्रतीक माना जाता है। सावन महीने की पूर्णिमा तिथि पर मनाए जाने वाले इस त्योहार को लेकर इस बार तारीख को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। पूर्णिमा तिथि दो दिन होने के कारण कई लोग यह जानना चाहते हैं कि रक्षाबंधन 27 अगस्त को मनाया जाएगा या फिर 28 अगस्त को। पंचांग गणना के अनुसार, उदयातिथि को महत्व देते हुए इस साल रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त 2026, शुक्रवार को मनाया जाएगा।
रक्षाबंधन 2026 की सही तारीख
हिंदू पंचांग के अनुसार, श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त 2026 की सुबह 9 बजकर 7 मिनट से शुरू होगी। वहीं यह तिथि 28 अगस्त 2026 की सुबह 9 बजकर 49 मिनट तक रहेगी। धार्मिक परंपराओं में अधिकतर त्योहार सूर्योदय के समय मौजूद तिथि यानी उदयातिथि के आधार पर मनाए जाते हैं। इसी वजह से रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त को मनाना शुभ माना जा रहा है।
राखी बांधने का शुभ मुहूर्त
रक्षाबंधन के दिन राखी बांधने के लिए शुभ समय का विशेष महत्व होता है। पंचांग के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को राखी बांधने का शुभ मुहूर्त सुबह 5 बजकर 57 मिनट से लेकर सुबह 9 बजकर 48 मिनट तक रहेगा। इस दौरान बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और जीवन में सफलता की कामना करेंगी। वहीं भाई भी बहनों की हमेशा रक्षा करने का वचन देते हैं और उन्हें उपहार देकर अपना स्नेह व्यक्त करते हैं।
रक्षाबंधन का धार्मिक महत्व
सनातन परंपरा में रक्षाबंधन सिर्फ भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सुरक्षा, विश्वास और प्रेम के पवित्र बंधन का प्रतीक माना जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, जब देवताओं और असुरों के बीच युद्ध चल रहा था, तब देवराज इंद्र की पत्नी शची देवी (इंद्राणी) ने इंद्र की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा था। मान्यता है कि इसके बाद इंद्र को युद्ध में विजय प्राप्त हुई। इसी परंपरा के आधार पर रक्षा सूत्र को शुभ और मंगलकारी माना जाने लगा। आज भी रक्षाबंधन के दिन बहनें भाई की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखी और सुरक्षित जीवन की प्रार्थना करती हैं।