
Rakshabandhan Special: त्योहारों के मौसम में रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय रेलवे ने "राउंड ट्रिप पैकेज" नाम की नई स्कीम शुरू की है, जिसके तहत आने-जाने दोनों तरफ का टिकट एक साथ बुक करने पर वापसी यात्रा के बेस किराए पर 20% की छूट मिलेगी। यह सुविधा भीड़ को कम करने और यात्रियों को आरामदायक यात्रा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। आने का टिकट 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2025 के बीच और वापसी का टिकट 17 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 के बीच की यात्रा के लिए होना जरूरी है।
कौन ले सकता है इस स्कीम का फायदा
इस योजना का लाभ सिर्फ उन्हीं यात्रियों को मिलेगा जो आने और जाने का टिकट एक ही नाम, डिटेल्स और स्टेशन जोड़ी के साथ बुक करेंगे। दोनों टिकट एक ही क्लास के होने चाहिए और बुकिंग एक ही माध्यम से करनी होगी—या तो ऑनलाइन या रिजर्वेशन काउंटर से। इस स्कीम में कन्फर्म टिकट जरूरी है, टिकट में बदलाव की सुविधा नहीं होगी और न ही रिफंड मिलेगा। वापसी का टिकट बुक करते समय एडवांस रिजर्वेशन पीरियड का नियम लागू नहीं होगा। यह सुविधा सभी क्लास और ट्रेनों में मिलेगी, लेकिन Flexi Fare ट्रेनों में यह लागू नहीं होगी।
यह भी पढ़ेंःआफत का अलर्ट! दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में भारी बारिश, जानें IMD की चेतावनी
भीड़ कम करने की खास रणनीति
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, इस ऑफर से त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ अलग-अलग तारीखों में बंट जाएगी, जिससे सीट उपलब्धता बढ़ेगी और खास ट्रेनों का सही इस्तेमाल हो सकेगा। रेलवे का मानना है कि इस स्कीम से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को समय रहते टिकट मिल जाएगा और सफर भी आरामदायक रहेगा। इसके प्रचार के लिए रेलवे ने प्रेस, मीडिया और स्टेशनों पर घोषणाओं का सहारा लेने के निर्देश जारी किए हैं।