
Rakshabandhan Special : रक्षाबंधन का त्योहार सिर्फ राखी बांधने तक ही सीमित नहीं होता, यह एक ऐसा दिन होता है जब बहनें अपने भाइयों के लिए कुछ खास करना चाहती हैं – खासकर खाने-पीने में. मिठाइयों से लेकर तरह-तरह के पकवान बनाए जाते हैं, लेकिन इस बार क्यों न कुछ अलग, हेल्दी और टेस्टी बनाया जाए? आज हम आपके लिए लेकर आए हैं एक स्वादिष्ट और पोषण से भरपूर मिठाई – मखाना और पोस्ता दाना (खसखस) की खीर, जो राखी के दिन भाई को खिलाने के लिए एकदम परफेक्ट है.
मखाना और पोस्ता दाना दोनों ही स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं. मखाना प्रोटीन, कैल्शियम और फाइबर से भरपूर होता है, वहीं पोस्ता दाना में ओमेगा-3 फैटी एसिड, आयरन और मैग्नीशियम पाया जाता है. इन दोनों के मेल से बनी खीर न सिर्फ ज़ायकेदार होती है, बल्कि यह शरीर को ठंडक देती है और पाचन को भी बेहतर बनाती है.
मखाना-पोस्ता दाना खीर बनाने की सामग्री:
मखाने – 1 कप
पोस्ता दाना (खसखस) – 2 बड़े चम्मच
दूध – 1 लीटर
देशी घी – 1 चम्मच
काजू-बादाम – 1/4 कप (कटे हुए)
इलायची पाउडर – 1/2 चम्मच
चीनी या गुड़ – स्वादानुसार
केसर के धागे (वैकल्पिक) – कुछ
बनाने की विधि:
1. पोस्ता दाना भिगोना: सबसे पहले पोस्ता दाना को 1 घंटे के लिए पानी में भिगो दें. फिर पीसकर एक स्मूद पेस्ट बना लें.
2. मखाना भूनना: एक कढ़ाई में देशी घी गर्म करें और उसमें मखाने डालकर हल्का कुरकुरा होने तक भून लें. फिर इन्हें दरदरा पीस लें (पूरे भी रख सकते हैं).
3. दूध उबालना: अब एक गहरे पैन में दूध उबालें। जब दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तब उसमें पिसा हुआ पोस्ता दाना और मखाना डालें.
4. पकाना: अब इस मिश्रण को धीमी आंच पर 10-15 मिनट तक पकने दें। बीच-बीच में चलाते रहें ताकि नीचे न लगे.
5. मिठास और फ्लेवर: अब इसमें चीनी या गुड़ डालें (जो पसंद हो) और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें.
6. ड्राई फ्रूट्स और केसर: ऊपर से कटे हुए काजू-बादाम और केसर डाले.
7. सर्व करना: खीर को गर्म या ठंडा, जैसे चाहें वैसे परोसें.
खास टिप्स:
अगर आप और भी हेल्दी विकल्प चाहते हैं, तो चीनी की जगह खजूर का पेस्ट या नारियल चीनी भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
बच्चों को यह खीर बहुत पसंद आती है, और यह ऊर्जा से भरपूर होती है.
इसे व्रत के भोजन के रूप में भी शामिल किया जा सकता है.
इस रक्षाबंधन पर भाई के लिए कोई बाजारू मिठाई नहीं, बल्कि घर पर बनी मखाना-पोस्ता दाना खीर तैयार करें. इसमें न सिर्फ बहन के प्यार का स्वाद होगा, बल्कि सेहत की मिठास भी छुपी होगी. यह खास मिठाई त्योहार को और भी यादगार बना देगी. तो इस बार राखी पर अपनाएं हेल्दी मिठाई का ट्रेंड – और घर पर ही बनाएं ये खास खीर!