अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। सोमवार 13 जुलाई को मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने मामले की सुनवाई की। अदालत ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से गठित विशेष जांच टीम से अब तक की जांच की स्थिति रिपोर्ट मांगी गई है।
जांच टीम को देना होगा पूरा ब्यौरा
सुप्रीम कोर्ट ने विशेष जांच टीम को अपनी स्थिति रिपोर्ट अदालत में पेश करने का निर्देश दिया है। अदालत ने कहा कि रिपोर्ट में जांच की मौजूदा स्थिति के साथ टीम के गठन से जुड़ी जानकारी भी दी जाए। यानी अब जांच टीम को बताना होगा कि मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई और जांच किस दिशा में आगे बढ़ रही है।
सुनवाई के दौरान अदालत ने पूछे सवाल
सुनवाई के दौरान एक वकील ने अदालत को बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम बना चुकी है। इसके बाद अदालत ने सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल से भी सवाल किए। उन्होंने अदालत को भरोसा दिया कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार मामले में हर संभव सहायता करेंगी।
ये भी पढे़ें : US-Iran जंग में उलझी दुनिया, भारत ने चली व्यापार की बड़ी चाल, 15 जुलाई से बदल सकती है पूरी तस्वीर
फिलहाल केवल ट्रस्ट को जारी हुआ नोटिस
सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान साफ किया कि फिलहाल नोटिस केवल श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को जारी किया गया है। केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार को अलग से नोटिस जारी नहीं हुआ है। हालांकि सरकार की ओर से अदालत को जांच और सुनवाई में पूरा सहयोग देने की बात कही गई है।
अगले सोमवार फिर होगी सुनवाई
इस मामले की अगली सुनवाई अब अगले सोमवार को होगी। तब तक विशेष जांच टीम को अपनी स्थिति रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट के सामने पेश करनी होगी। माना जा रहा है कि रिपोर्ट देखने के बाद अदालत आगे की जांच और मामले से जुड़ी मांगों पर अपना रुख साफ कर सकती है।
अब जांच रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजर
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में कई आरोपों और जांच को लेकर पहले से चर्चा चल रही है। अब सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में मामला आने के बाद जांच रिपोर्ट बेहद अहम हो गई है। अगले सोमवार जब विशेष जांच टीम अपनी रिपोर्ट पेश करेगी तब साफ हो सकता है कि जांच अब तक कहां पहुंची और आगे इस मामले में अदालत क्या कदम उठाती है।