अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम अब पैसे के लेन-देन की कड़ी तलाश रही है। इसी बीच पूर्व कारसेवक संतोष दुबे ने सोमवार को अयोध्या के क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचकर कुछ दस्तावेज और साक्ष्य सौंपे हैं। उनका दावा है कि इन दस्तावेजों से जांच में नई जानकारियां सामने आ सकती हैं।
एक दिन पहले हुई थी संतोष दुबे से पूछताछ
संतोष दुबे के मुताबिक एक दिन पहले विशेष जांच टीम ने उनसे वीडियो के जरिए पूछताछ की थी। इस दौरान उनसे चढ़ावा चोरी से जुड़ी कई जानकारियां मांगी गईं। संतोष का कहना है कि जांच अधिकारियों ने उनके बयान और साक्ष्यों को जांच में शामिल करने की बात कही है। इसके बाद उन्हें सभी दस्तावेज क्षेत्राधिकारी कार्यालय में जमा कराने को कहा गया।
आठ आरोपी अभी जेल में बंद
इस मामले में टिन्नू यादव अनुकल्प मिश्रा और लवकुश मिश्रा समेत आठ आरोपी जेल में हैं। अयोध्या पुलिस लगातार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि कथित रूप से गायब हुआ पैसा कहां गया और किन लोगों तक पहुंचा। बैंक से जुड़े कुछ कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है।
बड़े नाम सामने आने का संतोष दुबे का दावा
दस्तावेज सौंपने के बाद संतोष दुबे ने दावा किया कि जांच आगे बढ़ने पर कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा दिए गए साक्ष्यों के बाद मामले से जुड़े लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। हालांकि इन दावों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
जांच की दिशा पर जताया भरोसा
संतोष दुबे ने कहा कि पहले उन्हें जांच को लेकर भरोसा नहीं था लेकिन विशेष जांच टीम के अधिकारियों से बातचीत के बाद उनका नजरिया बदला है। उन्होंने दावा किया कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। संतोष ने इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी बधाई दी है।
इसे भी पढ़ें : ज्ञानवापी, श्रीकृष्ण जन्मभूमि और संभल मस्जिद विवाद: सुप्रीम कोर्ट के समझौता प्रस्ताव पर दोनों पक्षों ने जताई असहमति
इसे अब पैसे की पूरी कड़ी तलाश रही जांच टीम
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अब सबसे बड़ी नजर पैसे की कड़ी पर है। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पैसा कहां-कहां गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल थे। संतोष दुबे के दस्तावेजों की जांच के बाद मामले में नए नाम या नई कड़ियां सामने आती हैं या नहीं अब इसी पर सबकी नजर है।