अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में इस वर्ष 45वां रामायण मेला 13 से 16 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। रविवार को रामायण मेला समिति की बैठक में इसकी तिथियों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। समिति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मेले का उद्घाटन कराने और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से समापन कराने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री को आमंत्रित करने की जिम्मेदारी महंत अवधेश दास को सौंपी गई है।
बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने की। इस दौरान आयोजन की रूपरेखा, प्रचार-प्रसार और विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई। समिति ने इस बार प्रवचन सत्र को नया स्वरूप देने का फैसला किया है। इसकी विस्तृत रूपरेखा जगद्गुरु रामदिनेशाचार्य की अध्यक्षता में तैयार की जाएगी।
कार्यक्रम संयोजक आशीष मिश्रा ने आयोजन से एक माह पहले निमंत्रण पत्र प्रकाशित कराने का सुझाव दिया, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों तक कार्यक्रम की जानकारी समय से पहुंच सके। बैठक में समिति के नए कोषाध्यक्ष की नियुक्ति पर विचार करने और अगली बैठक अपने भवन में आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि रामायण मेला हर वर्ष नई ऊंचाइयों तक पहुंच रहा है। इस बार भी धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों को प्रभावी स्वरूप देने की तैयारी है।