Ramayana: नितेश तिवारी की बहुचर्चित फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। अब पहली बार फिल्म में 'भगवान राम' की भूमिका निभाने जा रहे सुपरस्टार रणबीर कपूर ने इस महाकाव्य और अपने किरदार को लेकर खुलकर बात की है। रणबीर ने कहा कि भगवान राम सदियों से दुनिया भर के अरबों लोगों के मार्गदर्शक रहे हैं।
लॉस एंजिल्स यात्रा की तस्वीरें इंटरनेट पर छाई हुई
रणबीर कपूर की हाल ही में लॉस एंजिल्स यात्रा की तस्वीरें इंटरनेट पर छाई हुई हैं । रामायण कार्यक्रम में, अभिनेता के साथ निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा भी मौजूद थे। पूरी टीम अपनी आगामी फिल्म रामायण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा खास दर्शकों के सामने जारी करने के लिए लॉस एंजिल्स गई थी।
रणबीर कपूर ने की खुलकर बात
बॉलीवुड स्टार रणबीर कपूर ने तिवारी द्वारा निर्देशित महाकाव्य के रूपांतरण में भगवान राम की भूमिका निभाने के बारे में बात की। उन्होंने कहा, “भगवान राम सदियों से दुनिया भर के अरबों लोगों के मार्गदर्शक रहे हैं, और हमारे जाने के बाद भी वे ऐसा ही बने रहेंगे। रणबीर ने आगे कहा, “वे हमें विपरीत परिस्थितियों में मानवीय भावना की विजय के बारे में ज्ञान देते हैं। वे करुणा, साहस, धर्म और क्षमा के प्रतीक हैं। उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है, जिसका अर्थ है एक आदर्श पुरुष।”
इस दिन आएगा टीजर
बता दें कि कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि रामायण का एक छोटा सा टीजर राम नवमी को रिलीज किया जाएगा, लेकिन फिर खबर आई कि ये झलक आने वाली हनुमान जयंती पर आएगी। ये पहली झलक लगभग 2 मिनट 38 सेकेंड की होने वाली हैं। खास बात ये है कि मेकर्स ने इस बड़े खुलासे के लिए एक बेहद खास और शुभ दिन चुना है, 2 अप्रैल, यानी हनुमान जयंती का है। इस दिन एक बड़ा इवेंट होगा, जहां खबरों के मुताबिक सभी सितारें अपने किरदारों के गेटअप में नजर आएंगे।
फिल्म के किरदार
बता दें कि फिल्म रामयाण में रणबीर भगवान राम की भूमिका निभाएंगे, जबकि दक्षिण भारतीय स्टार यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ साई पल्लवी सीता के रूप में, रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में और सनी देओल हनुमान के रूप में दिखाई देंगे। इनके अलावा, कलाकारों में रकुल प्रीत सिंह, लारा दत्ता, विवेक ओबेरॉय, अरुण गोविल, कुणाल कपूर और अन्य शामिल हैं।