हापुड़। पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में छह साल की बच्ची का बाइक सवार गांव निवासी युवकों ने अपहरण कर लिया। एक आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया, जबकि दूसरा भी वहां मौजूद रहा। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिलखुवा थाना क्षेत्र के एक गांव में पड़ोसी गांव के व्यक्ति ने एक महीने पहले मकान खरीदा था। इस मकान में वह दो सप्ताह पहले ही आया था। रविवार शाम को करीब छह बजे परिवार की छह साल की बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और बच्ची को बाइक पर अपने साथ ले गए। बच्ची के साथ एक खेत में ले जाकर एक आरोपी ने दुष्कर्म किया जबकि दूसरा भी वहां मौजूद थे। वारादत के बाद बच्ची को घर के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
घर जाकर बच्ची ने वारदात की जानकारी परिजन को दी। परिजन कोतवाली पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ पिलखुवा मुनीष चंद्रा ने बताया कि आरोपियों की तलाश में तीन पुलिस टीम लगी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।