मेरठ। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के चंद घंटों बाद दुष्कर्म पीड़िता किशोरी की इलाज के दौरान मेडिकल कालेज में मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। बहसूमा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी के साथ गांव के ही युवक ने 26 जनवरी जंगल जाते को दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने परिजनों से शिकायत की थी। पीड़िता के पिता ने आरोपी के घर जाकर शिकायत की तो आरोपी पक्ष के लोगों ने पीड़िता के पिता के साथ मारपीट की थी। इससे आहत पीड़िता ने इसी दिन शाम के समय जहरीला पदार्थ खा लिया था। गंभीर हालत में परिजनों ने पीड़िता को 27 जनवरी को मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया था। तभी से पीड़िता मेडिकल कॉलेज के आईसीयू वार्ड में भर्ती थी और शुक्रवार शाम को इलाज के दौरान पीड़िता की मौत हो गई। उसकी मौत से पहले पुलिस ने मुख्य आरोपी अनुज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अभी मुख्य आरोपी के पिता, भाई व मां को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
किशोरी की मौत के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है और मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी है। डीआईजी एवं एसएसपी डा. विपिन ताडा ने बताया, पीड़ित परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बाकि जो भी अन्य लोग पीड़ित परिवार ने बताए है, उनको भी हिरासत में लेने की कार्रवाई की जा रही है।