
Rapid Rail schedule changed: 12 अक्तूबर को प्रस्तावित उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रारंभिक) और सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय अधिकारी वन सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2025 को देखते हुए रैपिड रेल (नमो भारत ट्रेन) के संचालन समय में बदलाव किया गया है। एनसीआरटीसी ने यात्रियों की सुविधा के लिए घोषणा की है कि 12 अक्तूबर को दिल्ली के न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ के बीच ट्रेन सेवाएं सुबह 8 बजे की जगह सुबह 6 बजे से शुरू होंगी। यह सेवाएं रात 10 बजे तक उपलब्ध रहेंगी।
परीक्षार्थियों को राहत
एनसीआरटीसी की ओर से जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, यह फैसला खासतौर पर परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखकर लिया गया है। रविवार को बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के यात्रा करने की संभावना के चलते ट्रेनों की आवृत्ति बढ़ाने और सेवाएं जल्दी शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इससे मेरठ और दिल्ली के बीच आने-जाने वाले परीक्षार्थियों को काफी राहत मिलेगी।
दो पालियों में होगी परीक्षा
यूपीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक चलेगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने और ट्रैफिक व भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त समय निकालकर यात्रा करने की अपील की है।