
अफगानिस्तान के स्टार क्रिकेटर और कप्तान राशिद खान ने पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला है. दरअसल, पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान की सीमा से सटे नागरिक इलाकों में किए गए हवाई हमलों में तीन युवा क्रिकेटरों की मौत हो गई थी. इस घटना ने पूरे अफगानिस्तान में गुस्सा फैला दिया है. राशिद खान ने इसे पूरी तरह से अनैतिक और बर्बर बताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि ऐसे हमले न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि इंसानियत के खिलाफ भी हैं. राशिद ने ये भी कहा कि महिलाओं, बच्चों और अपने देश का नाम रोशन करने का सपना देखने वाले क्रिकेटरों की जान लेना, किसी भी लिहाज से माफ़ नहीं किया जा सकता.
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के दिखे तेवर
इस हमले के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ होने वाली आगामी त्रिकोणीय सीरीज से टीम को हटाने का फैसला लिया है. ये सीरीज 5 नवंबर से 29 नवंबर तक पाकिस्तान के लाहौर और रावलपिंडी में खेली जानी थी, लेकिन अब ये रद्द होने की कगार पर है. ACB ने एक बयान जारी कर बताया कि पाकिस्तान के हवाई हमलों में अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में तीन युवा खिलाड़ियों कबीर, सिब्गतुल्लाह और हारून की मौत हो गई. ये खिलाड़ी उर्गुन से शरना जा रहे थे, जहां एक दोस्ताना मैच में हिस्सा लेने वाले थे, लेकिन रास्ते में नागरिक सभा के दौरान बमबारी का शिकार हो गए. बोर्ड ने इस हमले को कायरतापूर्ण बताया और कहा कि पाकिस्तान ने शांति समझौते का उल्लंघन किया है.
सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लंबा पोस्ट
राशिद खान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लंबा पोस्ट शेयर करते हुए पाकिस्तान की कार्रवाई की कड़ी निंदा की. उन्होंने लिखा मैं अफगानिस्तान पर हालिया पाकिस्तानी हवाई हमलों में नागरिकों की मौत की खबर से बेहद दुखी हूं. ये सिर्फ एक हमला नहीं, बल्कि अफगानिस्तान के युवाओं के सपनों पर हमला है. राशिद ने ये भी कहा कि ऐसे अमानवीय कृत्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संज्ञान में लिए जाने चाहिए. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय संगठनों और मानवाधिकार एजेंसियों से भी अपील की कि वे इस मसले पर आवाज उठाएं और निर्दोषों की जान लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें.
इसे भी पढ़ें : Bigg Boss में गरमाया माहौल, सलमान ने दी चेतावनी : ‘ये ड्रामा है, गंदगी नहीं
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव
इस घटना के बाद पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव और गहराने की आशंका है. तालिबान ने भी इसे युद्धविराम का उल्लंघन बताया है और कहा कि पाकिस्तान ने नागरिक इलाकों में हमला कर अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाई है. वहीं, अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जब तक पीड़ितों के परिवारों को न्याय नहीं मिलता, वे किसी भी पाकिस्तानी आयोजन या टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेंगे. राशिद खान के इस बयान को दुनिया भर के क्रिकेटरों का समर्थन मिल रहा है.