Rat drink WINE: धनबाद के बलियापुर इलाके में स्थित एक वाइन शॉप से अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरानी में डाल दिया है. दुकान में ऑडिट के दौरान जब स्टॉक का मिलान किया गया, तो 802 वाइन की बोतलें या तो टूटी मिलीं या उनके ढक्कन खुले हुए थे. जब अधिकारियों ने इसका कारण जानना चाहा तो वहां मौजूद कर्मचारी ने चौंकाने वाला जवाब दिया – "लगता है चूहे वाइन पी गए।" इस बयान ने सभी को हैरत में डाल दिया और सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से वायरल हो गया.
पहले गांजा, अब शराब – चूहों पर लगातार आरोप
धनबाद में यह पहला मामला नहीं है जब चूहों पर नशीली चीजों को नष्ट करने का आरोप लगाया गया हो. कुछ दिनों पहले राजगंज थाना में गांजा खाने का आरोप भी चूहों पर लगाया गया था. अब शराब की 800 से ज्यादा बोतलों को लेकर भी वही कहानी दोहराई जा रही है. लोगों का कहना है कि अगर चूहे ही सब पी और खा रहे हैं तो ये चूहे 'गंजेड़ी और शराबी' हो गए हैं. इस अजीब तर्क ने प्रशासन और जनता दोनों को सोचने पर मजबूर कर दिया है.
यह भी पढ़ेंःजेल में बंद है लॉरेंस फिर भी चला रहा गैंग, कनाडा में उठ रही अब ये बड़ी मांग, अब आगे क्या ?
कर्मियों से वसूली की तैयारी में विभाग
उत्पाद विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है. विभाग का कहना है कि स्टॉक में भारी कमी पाई गई है, इसलिए इसकी भरपाई संबंधित कर्मियों से की जाएगी. अधिकारियों के अनुसार, वाइन की बोतलों की इस तरह की हानि पर केवल चूहों को दोष देना स्वीकार्य नहीं है. विभाग अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि यह चूहे की करतूत है या किसी और की लापरवाही.