RATLAM ROAD ACCIDENT---खाटूश्याम के दर्शन के लिए घर से निकले परिवार को रास्ते में ही ऐसी त्रासदी का सामना करना पड़ा, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। रतलाम जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देर रात कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं।
खड़े ट्रक से पीछे से टकराई कार
शिवगढ़ थाना क्षेत्र के कजलिया पाड़ा के पास देर रात यह हादसा हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक एक ट्रक खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान जोबट से खाटूश्याम जा रही अर्टिगा कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार कुछ दूर तक घिसटती हुई आगे गई और फिर पलट गई। हादसे के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे लोग अंदर फंस गए।
चार लोगों ने मौके पर तोड़ा दम
जोरदार टक्कर में कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान जतिन पिता हरिनारायण वर्मा (34), लिसा पति जतिन वर्मा (30), पप्पू पति राजेश मांझी (35) और राजू पति अरुण (35) के रूप में हुई है। जतिन और लिसा जोबट के निवासी बताए गए हैं, जबकि पप्पू धार जिले के टांडा और राजू इंदौर के मालवीय नगर निवासी थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दो बच्चों समेत पांच लोग घायल
हादसे में कार सवार पांच अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में मीणा पति प्रकाश कहार (35), पथ पिता अरुण (8), टिशू पिता अरुण (3), अरुण पिता मनीष (40) और रवि पिता दीपचंद (30) शामिल हैं। इनमें दो बच्चे भी हैं। हादसे की सूचना मिलते ही शिवगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एनएचआई की एंबुलेंस भी स्टाफ के साथ घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को दो अलग-अलग एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
हादसे के बाद परिवार में पसरा मातम
पुलिस के अनुसार कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार से जुड़े थे और खाटूश्याम दर्शन के लिए राजस्थान जा रहे थे। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य भी रात में मौके पर पहुंच गए। शुरुआती जांच में हादसे की वजह खड़े ट्रक से कार की टक्कर सामने आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। एक धार्मिक यात्रा पर निकले परिवार के लिए यह सफर बीच रास्ते में ही जिंदगी का सबसे दुखद अध्याय बन गया।