मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सुनारों की बावड़ी इलाके में एक मोबाइल कारोबारी ने घर के अंदर अपनी पत्नी की चाकू से हत्या कर दी। घटना के समय दंपती के बच्चे भी घर में मौजूद थे। चीख-पुकार सुनकर जब लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने उन्हें डराकर वहां से भगा दिया। पुलिस ने मौके से आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
घर के अंदर चाकू से किया पत्नी पर हमला
रतलाम के सुनारों की बावड़ी इलाके में रविवार दोपहर सनसनी फैल गई, जब 35 वर्षीय असगर अली ने अपनी 33 वर्षीय पत्नी रुकैया की हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक आरोपी ने घर के अंदर चाकू से पत्नी पर हमला किया। वारदात के समय दंपती के दोनों बच्चे, सात साल की बेटी और दो साल का बेटा घर में मौजूद थे।
बच्ची ने दादा को बताई पूरी घटना
घटना के बाद दहशत में आई बच्ची घर से भागकर नीचे बनी दुकान पर पहुंची, जहां उसके दादा मौजूद थे। बच्ची ने रोते हुए उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दादा और आसपास के लोग तुरंत ऊपर कमरे में पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि असगर अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर रहा था।
लोगों को देखकर आरोपी ने किया विरोध
मौके पर पहुंचे लोगों ने जब आरोपी को रोकने की कोशिश की तो असगर ने उन्हें देखकर जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। आरोपी के इस व्यवहार से लोग डर गए और वापस नीचे आ गए। इसके बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस पहुंची तो शव के पास खड़ा था आरोपी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने के दौरान भी आरोपी असगर अपनी पत्नी के शव के पास ही मौजूद था। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार अभी तक हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के कारण और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके। वहीं घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।