
बिहार चुनावी समर के बीच अब एक धमकी ने पूरे सियासी माहौल को हिला दिया है. बीजेपी सांसद और योगी आदित्यनाथ के करीबी रवि किशन को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है. धमकी देने वाला कोई आम व्यक्ति नहीं, बल्कि खुद को बिहार के आरा जिले के जवनिया गांव का अजय कुमार यादव बता रहा है. इतना ही नहीं, कॉलर ने साफ कहा चार दिन बाद जब बिहार आओगे, तो गोली मार दूंगा. ये धमकी तब आई जब रवि किशन बिहार में एनडीए प्रत्याशियों के लिए जमकर प्रचार कर रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक कॉल के दौरान राम मंदिर और प्रभु श्रीराम पर आपत्तिजनक बातें भी की गईं, जिससे मामला और गरम हो गया है.
न मैं डरता हूं, न झुकूंगा- रवि किशन
रवि किशन ने धमकी के बाद सोशल मीडिया पर एक भावुक लेकिन दहाड़ भरी पोस्ट की. उन्होंने लिखा न मैं डरता हूं, न झुकूंगा. ये हमला सिर्फ मुझ पर नहीं, मेरी आस्था और राष्ट्रवाद पर है. सांसद ने बताया कि फोन पर न केवल उन्हें बल्कि उनकी मां को लेकर भी गंदी बातें कही गईं. उन्होंने इसे भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म पर सीधा प्रहार बताया. रवि किशन का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वहीं योगी समर्थक सड़कों पर और सोशल मीडिया पर पूरी मजबूती से उनके समर्थन में उतर आए हैं.
मेरे शब्दबाण से नहीं बचेगा कोई- रवि किशन
मामले की राजनीतिक गूंज अब दिल्ली से पटना तक सुनाई दे रही है. खबरों के मुताबिक धमकी देने वाले ने भोजपुरी स्टार और RJD प्रत्याशी खेसारी लाल यादव के बयान का समर्थन किया था. खेसारी ने हाल ही में कहा था कि मंदिर बनना चाहिए, लेकिन लोगों का पेट भी भरना चाहिए. इस बयान पर रवि किशन ने पलटवार करते हुए कहा था कि राम और सनातन पर जो बोलेगा, वो मेरे शब्दबाण से नहीं बचेगा. और अब धमकी के बाद इस रवि-खेसारी तकरार ने चुनावी हवा में नई आग लगा दी है। विपक्षी खेमे में हलचल है, तो एनडीए के भीतर सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की
फिलहाल पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और कॉल ट्रेस करने में जुटी है. कहा जा रहा है कि आरोपी की लोकेशन बिहार से कनेक्ट हो रही है. वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ये धमकी महज एक फोन कॉल नहीं, बल्कि चुनावी रणनीति के तहत चली गई चाल हो सकती है. क्योंकि रवि किशन न सिर्फ गोरखपुर के सांसद हैं बल्कि यूपी और बिहार में योगी का चेहरा माने जाते हैं. ऐसे में चुनाव से ठीक पहले उन्हें धमकी मिलना कहीं न कहीं सियासी साजिश की बू दे रहा है.