Rawa Bhindi Fry Recipe : रोजमर्रा के खाने में अगर आप कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ थोड़ा अलग भी हो, तो रवा भिंडी फ्राई एक बेहतरीन विकल्प है. यह भिंडी की आसान और झटपट बनने वाली रेसिपी है। रवा और मसालों की हल्की कोटिंग इसे बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम बनाती है. इसे दाल-चावल, रोटी या पराठे के साथ परोसा जा सकता है.
रवा भिंडी के लिए सामग्री
इस रेसिपी के लिए करीब 250 ग्राम भिंडी, 3 बड़े चम्मच सूजी यानी रवा, 1 बड़ा चम्मच चावल का आटा, आधा चम्मच हल्दी, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक लें। इसके अलावा थोड़ा अमचूर पाउडर और तेल भी चाहिए.
ऐसे तैयार करें भिंडी
सबसे पहले भिंडी को अच्छी तरह धोकर कपड़े से पूरी तरह सुखा लें. अब इसके दोनों सिरे काटकर भिंडी को लंबाई में पतले टुकड़ों में काटें. एक बाउल में रवा, चावल का आटा और सभी सूखे मसाले डालकर अच्छी तरह मिलाएं. कटे हुए भिंडी के टुकड़ों को इस मसाले वाले मिश्रण में डालें और हाथों से हल्के तरीके से मिलाएं, ताकि हर टुकड़े पर मसाले और रवे की अच्छी कोटिंग हो जाए.
पैन में ऐसे करें फ्राई
एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें। तेल गर्म होने पर भिंडी को पैन में फैलाकर डालें. इसे मध्यम आंच पर बीच-बीच में पलटते हुए पकाएं। भिंडी सुनहरी और कुरकुरी होने लगे तो गैस बंद कर दें.
दाल-चावल के साथ करें सर्व
तैयार रवा भिंडी फ्राई को गरमागरम परोसें। ऊपर से थोड़ा अमचूर या चाट मसाला डालने से इसका स्वाद और बढ़ जाता है. दाल-चावल के साथ इसका कुरकुरा स्वाद खाने को और भी खास बना देता है.