RBI Polymer Notes 2027 : भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) जल्द ही देश में करेंसी नोटों को लेकर एक नया प्रयोग शुरू करने जा रहा है। 1 अप्रैल 2027 से 10 और 20 रुपये के पॉलीमर यानी प्लास्टिक नोटों का फील्ड ट्रायल शुरू करने की तैयारी है। इस योजना के तहत दोनों मूल्यवर्ग के 100-100 करोड़ नोट जारी किए जाएंगे। हालांकि, यह बदलाव एक साथ पूरे देश में लागू नहीं होगा, बल्कि शुरुआती चरण में सीमित स्तर पर इनकी उपयोगिता और मजबूती की जांच की जाएगी। खास बात यह है कि नए नोटों का आकार मौजूदा कागजी नोटों जैसा ही रखा जाएगा।
एटीएम पर नहीं पड़ेगा अतिरिक्त बोझ
RBI ने नए पॉलीमर नोटों के आकार में बदलाव नहीं करने का फैसला किया है। इससे बैंकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। दरअसल, नोटों का आकार बदलने पर एटीएम की मशीनों को नए सिरे से कॉन्फिगर करना पड़ सकता है, जिस पर काफी खर्च आता है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, एक सरकारी बैंक के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मौजूदा आकार बनाए रखने से बैंकों को इस शुरुआती खर्च से बचाया जा सकेगा। छोटे मूल्यवर्ग के नोटों से ट्रायल शुरू होने के कारण इस फैसले का आर्थिक फायदा भी महत्वपूर्ण हो सकता है।
कागजी नोटों से कितने होंगे मजबूत
पॉलीमर नोटों को लाने के पीछे सबसे बड़ी वजह उनकी लंबी उम्र है। 10 और 20 रुपये के नोटों का इस्तेमाल सब्जी मंडियों, बसों, ऑटो और छोटी दुकानों में सबसे ज्यादा होता है। बार-बार हाथों में आने के कारण ये कागजी नोट जल्दी फट जाते हैं, गंदे हो जाते हैं या नमी से खराब हो जाते हैं। एक सामान्य कागजी नोट की उम्र करीब एक से दो साल होती है, जबकि पॉलीमर नोट तीन से चार गुना ज्यादा समय तक टिक सकते हैं। ये पानी और गंदगी के प्रति भी अधिक प्रतिरोधी होते हैं।
ये भी पढ़ें : E100 Fuel से कार में हो सकता है बड़ा नुकसान, जानिए किन गाड़ियों में है इस्तेमाल सुरक्षित
छपाई के खर्च में होगी बड़ी बचत
RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने अगस्त में पॉलीमर नोटों की लंबी उम्र का जिक्र करते हुए बताया था कि कुछ देशों में ऐसे नोट 30 साल से अधिक समय तक चल चुके हैं। अगर भारत में भी यह प्रयोग सफल रहता है तो केंद्रीय बैंक को बार-बार खराब नोट बदलने और नए नोट छापने की जरूरत कम हो सकती है। इससे लंबे समय में नोटों की छपाई और रखरखाव पर होने वाला खर्च घटाने में मदद मिलेगी। फिलहाल यह केवल परीक्षण है और पुराने कागजी नोट भी पहले की तरह वैध रहेंगे।
1000 रुपये के नोट की खबर फर्जी
इस बीच सोशल मीडिया पर 1,000 रुपये के नए पॉलीमर नोट जारी होने की तस्वीरें और दावे भी वायरल हुए हैं। हालांकि, PIB फैक्टचेक ने इन दावों को गलत बताया है। RBI ने भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल बड़े मूल्यवर्ग के पॉलीमर नोट जारी करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। नए नोटों या मौद्रिक नीतियों से जुड़ी सही जानकारी के लिए RBI की आधिकारिक वेबसाइट और प्रेस विज्ञप्तियों पर ही भरोसा करना चाहिए।