IPL 2026 ऑक्शन में जब मंगेश यादव का नाम पुकारा गया तो शायद बहुत कम लोगों को अंदाजा था कि यह खिलाड़ी इतनी बड़ी बोली खींच लेगा। मध्यप्रदेश के उभरते ऑलराउंडर मंगेश यादव को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 5 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदकर सबको चौंका दिया। 30 लाख के बेस प्राइस से शुरू हुई यह बोली 1,633 प्रतिशत तक उछल गई। अनकैप्ड होने के बावजूद RCB ने मंगेश पर भरोसा जताया और उन्हें अपनी बॉलिंग यूनिट का अहम हिस्सा बना लिया। इस फैसले के साथ ही साफ हो गया कि फ्रेंचाइजी भविष्य के लिए मजबूत निवेश कर रही है।
ऑक्शन टेबल पर RCB बनाम SRH की जंग
मंगेश यादव पर बोली की शुरुआत RCB ने की लेकिन जल्द ही सनराइजर्स हैदराबाद भी रेस में कूद पड़ी। दोनों टीमें एक ऐसे लेफ्ट आर्म तेज गेंदबाज की तलाश में थीं जो डेथ ओवर्स में कंट्रोल रख सके। बोली तेजी से 1 करोड़ के पार गई और फिर 4 करोड़ तक पहुंच गई। हैदराबाद ने 4.2 करोड़ तक दबाव बनाया लेकिन RCB पीछे हटने को तैयार नहीं थी। यश दयाल के बैकअप विकल्प के तौर पर एक भरोसेमंद लेफ्ट आर्म पेसर की जरूरत ने RCB को आखिर तक टिकाए रखा और अंत में 5.20 करोड़ में सौदा पक्का हो गया।
ये भी पढ़ें : IPL 2026 Mini Auction में बांग्लादेशी स्टार की धूम, Chennai को लगा झटका, किंग खान ने ऐसे मारी बाजी !
एमपी टी20 लीग में यॉर्कर से मचाया हड़कंप
मंगेश यादव का नाम अचानक नहीं चमका। मध्यप्रदेश टी20 लीग में उन्होंने ग्वालियर चीताज़ के लिए खेलते हुए जबरदस्त प्रदर्शन किया। 23 साल के इस तेज गेंदबाज ने 21 ओवर में 14 विकेट झटके और टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाज बने। छह मैचों में तीन बार चार विकेट लेना उनकी निरंतरता दिखाता है। एक मुकाबले में तीन ओवर में 18 रन देकर चार विकेट लेना उनकी खतरनाक यॉर्कर का नमूना था। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मध्यप्रदेश के लिए डेब्यू का मौका मिला।
सिर्फ गेंदबाज नहीं, ऑलराउंडर की झलक
मंगेश यादव सिर्फ तेज गेंदबाजी तक सीमित नहीं हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सुपर लीग फेज में उन्होंने दो मैचों में तीन विकेट लेने के साथ सिर्फ 12 गेंदों में 28 रन भी बनाए। बाएं हाथ से तेज गेंदबाजी और बाएं हाथ की बल्लेबाजी उन्हें एक उपयोगी ऑलराउंडर बनाती है। उनकी सबसे बड़ी ताकत स्पीड के साथ कंट्रोल और आखिरी ओवरों में लगातार यॉर्कर डालने की क्षमता है। यही वजह रही कि पूरे सीजन स्काउट्स की नजर उन पर टिकी रही। अब IPL 2026 में RCB की जर्सी में मंगेश यादव के सामने खुद को बड़े मंच पर साबित करने का सुनहरा मौका होगा।