आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के फैंस को बड़ा झटका लगा है। इस बार आरसीबी अपने घरेलू मुकाबले एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं खेलेगी। टीम ने सुरक्षा कारणों से अपने होम मैच दूसरे शहरों में शिफ्ट करने का फैसला लिया है। यह फैसला पिछले साल आरसीबी की जीत की परेड के दौरान हुई दर्दनाक भगदड़ की घटना के बाद लिया गया है, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था।
नवी मुंबई और रायपुर बने नए होम ग्राउंड
जानकारी के मुताबिक आरसीबी आईपीएल 2026 में अपने कुल 7 घरेलू मैचों में से 5 मुकाबले नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में और 2 मुकाबले रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेलेगी। आरसीबी प्रबंधन ने इसको लेकर स्थानीय प्रशासन और संबंधित क्रिकेट बोर्ड के साथ कई दौर की बैठकें की थीं, जिसके बाद यह व्यवस्था तय की गई है।
भगदड़ की घटना ने बदला फैसला
पिछले साल आरसीबी की जीत की परेड के दौरान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर अचानक भगदड़ मच गई थी। इस दर्दनाक हादसे में 11 लोगों की जान चली गई थी और 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इस घटना के बाद से स्टेडियम में बड़े आयोजनों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता लगातार बनी हुई है। इसी वजह से आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट के आयोजन पर रोक लगाने का फैसला लिया गया।
चिन्नास्वामी में अब तक नहीं लौटा बड़ा क्रिकेट
4 जून की उस घटना के बाद से एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में कोई भी अंतरराष्ट्रीय या बड़ा घरेलू मुकाबला आयोजित नहीं हो पाया है। कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम को दोबारा बड़े मैचों के लिए तैयार करने की कोशिश में लगा हुआ है। इसके लिए राज्य सरकार के साथ बैठकें भी हुई हैं, लेकिन अभी तक हरी झंडी नहीं मिली है।
इसे भी पढ़ें : Mustafizur विवाद से भड़के Saeed Ajmal, ICC पर उठाए सवाल, भारत के दबदबे पर दिया बड़ा बयान
राजस्थान रॉयल्स का भी बदला होम ग्राउंड
आरसीबी के साथ-साथ राजस्थान रॉयल्स के घरेलू मैच भी इस बार जयपुर में नहीं होंगे। राजस्थान रॉयल्स अपने होम मैच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगी। इसकी वजह राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में लंबे समय से चला आ रहा प्रशासनिक विवाद और चुनाव न हो पाना बताया जा रहा है।
आईपीएल 2026 में दिखेगा नया रंग
आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स के होम ग्राउंड बदलने से आईपीएल 2026 का रंग पूरी तरह अलग नजर आने वाला है। जहां एक ओर फैंस को अपने शहर में मैच न देख पाने की निराशा होगी, वहीं दूसरी ओर नए शहरों को बड़े मुकाबलों की मेजबानी का मौका मिलेगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि नया मैदान आरसीबी के लिए लकी साबित होता है या नहीं।